सामाजिक सुरक्षा पेंशन और उज्ज्वला गैस सब्सिडी की राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर, बुजुर्गों-दिव्यांगों और महिलाओं को मिली आर्थिक राहत
भोपाल। त्योहारों के सीजन से पहले मध्य प्रदेश सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों के लिए बड़ी राहत दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय से सिंगल क्लिक के माध्यम से कुल 311 करोड़ रुपये की राशि पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में सीधे ट्रांसफर की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों के हितग्राहियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की कोशिश है कि हर परिवार तक खुशहाली पहुंचे और अंत्योदय की भावना के साथ योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
35.25 लाख से अधिक लोगों को 211.53 करोड़ की पेंशन
सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के तहत प्रदेश के 35 लाख 25 हजार से अधिक पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में 211 करोड़ 53 लाख रुपये भेजे गए। यह राशि जुलाई 2026 की पेंशन के तौर पर जारी की गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नागरिकों का सम्मान और उनकी खुशहाली सरकार की प्राथमिकता है। आगामी त्योहारों को देखते हुए बुजुर्गों और जरूरतमंद हितग्राहियों को पेंशन की राशि समय पर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।
उज्ज्वला योजना की 22.20 लाख से ज्यादा महिलाओं को 99 करोड़
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश की 22 लाख 20 हजार से अधिक महिलाओं के खातों में भी गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी भेजी गई। अप्रैल और मई 2026 की दो महीने की रिफिल राशि के रूप में करीब 99 करोड़ रुपये सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन का महीना बहनों के लिए विशेष महत्व रखता है। रक्षाबंधन से पहले उनके खातों में पहुंचाई गई यह राशि सरकार की ओर से उपहार के रूप में है।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान में शामिल होने की अपील
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नागरिकों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने की अपील की।
कार्यक्रम को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने भी संबोधित किया।
सरकार की ओर से सीधे बैंक खातों में राशि पहुंचाए जाने से सामाजिक सुरक्षा पेंशन पर निर्भर बुजुर्गों और दिव्यांगों के साथ-साथ उज्ज्वला योजना की महिला हितग्राहियों को त्योहारों से पहले आर्थिक सहायता मिली है।


