मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

स्कूल-कॉलेजों के बाहर अतिक्रमण पर सागर पुलिस की कार्रवाई, 3 दिन में 25 से ज्यादा संस्थानों पर पहुंची टीम

By: गजेंद्र ठाकुर
स्कूल-कॉलेजों के बाहर अतिक्रमण पर सागर पुलिस की कार्रवाई, 3 दिन में 25 से ज्यादा संस्थानों पर पहुंची टीम
Sponsor Ad

अवैध गुमटी, ठेले और अस्थायी कब्जे हटाए गए; छात्र-छात्राओं की आवाजाही सुगम बनाने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश

सागर। जिले में शासकीय जमीन पर किए गए अतिक्रमण और सार्वजनिक रास्तों में बाधा पैदा करने वाले कब्जों के खिलाफ पुलिस एवं प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान में अब स्कूल, कॉलेज और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास मौजूद अवैध गुमटियों, ठेलों और दूसरे अस्थायी अतिक्रमणों को प्राथमिकता से हटाया जा रहा है।

इन स्थानों को इसलिए भी चिन्हित किया जा रहा है, क्योंकि अतिक्रमण के चलते कई बार विद्यार्थियों के आने-जाने में परेशानी होती है। इसके अलावा ऐसे स्थानों पर लोगों के अनावश्यक रूप से जमा रहने की स्थिति भी बनती है, जिससे शैक्षणिक संस्थानों के आसपास की व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और राजपत्रित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्कूल, कॉलेज एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ऐसे अतिक्रमणों की पहचान कर जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।

3 दिन में 25 से अधिक स्कूल-कॉलेजों के बाहर कार्रवाई

पुलिस के निर्देशों के बाद पिछले 03 दिनों में जिले के 25 से अधिक स्कूल और कॉलेजों के सामने कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध रूप से लगाए गए ठेले, गुमटियां, चाय-पान की दुकानें और अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए।

पुलिस के मुताबिक कार्रवाई का मकसद केवल सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण से मुक्त कराना नहीं है। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और सुगम रास्ता उपलब्ध कराना तथा ऐसे स्थानों पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखना भी अभियान का हिस्सा है।

स्कूल-कॉलेजों के आसपास पुलिस की निगरानी बढ़ी

शैक्षणिक संस्थानों के आसपास पुलिस लगातार भ्रमण और निगरानी कर रही है। ऐसे स्थानों पर बेवजह खड़े रहने वाले लोगों, सार्वजनिक जगहों पर अव्यवस्था पैदा करने वालों और विद्यार्थियों के आवागमन में बाधा डालने वालों के खिलाफ स्थिति के अनुसार समझाइश के साथ प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्कूल-कॉलेजों के मुख्य प्रवेश और निकास मार्ग किसी भी तरह के अवरोध से मुक्त रहें। विद्यार्थियों के रास्ते में बाधा बनने वाले अवैध ठेले, गुमटी और अन्य अतिक्रमणों को चिन्हित कर हटाया जाए।

इसके साथ ही शिक्षण संस्थानों के आसपास असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा स्कूल खुलने और छुट्टी के समय पुलिस बल द्वारा नियमित भ्रमण एवं निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

सार्वजनिक स्थानों पर कार्रवाई के बाद यदि दोबारा अतिक्रमण किया जाता है तो संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया है।

छात्र-छात्राओं के लिए सुरक्षित माहौल पर जोर

सागर पुलिस और जिला प्रशासन का यह अभियान सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण से मुक्त करने के साथ शैक्षणिक संस्थानों के आसपास व्यवस्थित और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने पर केंद्रित है। विद्यार्थियों की आवाजाही में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस द्वारा ऐसे स्थानों पर निगरानी और कार्रवाई को जारी रखा जाएगा।

सागर पुलिस के अनुसार शैक्षणिक संस्थानों के आसपास छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और उनके सुगम आवागमन में बाधा बनने वाले अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।