मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

रजत पदक विजेता यामिनी के स्वागत में उमड़ा सागर, लारिया बोले—युवा सपनों को मिले नई उड़ान

रिपोर्ट: खबर का असर .कॉम
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
रजत पदक विजेता यामिनी के स्वागत में उमड़ा सागर, लारिया बोले—युवा सपनों को मिले नई उड़ान

कॉमनवेल्थ रजत पदक विजेता यामिनी मौर्य का सागर में भव्य स्वागत, विधायक प्रदीप लारिया बोले—एक नहीं, हजारों यामिनी तैयार करनी हैं

सागर। कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में जूडो स्पर्धा का रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाली सागर की बेटी यामिनी मौर्य का शुक्रवार को गृह नगर आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। सागर रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में नागरिक, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और मातृशक्ति ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन से भव्य वाहन रैली निकाली गई। रैली तीन बत्ती, सिविल लाइन चौराहा और मकरोनिया होते हुए सदर स्थित मां दुर्गा मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने यामिनी का फूल-मालाओं से स्वागत किया।

सदर स्थित मां दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि यामिनी का रजत पदक केवल खेल उपलब्धि नहीं, बल्कि संघर्ष, अनुशासन, परिश्रम और अटूट संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यामिनी ने साबित कर दिया है कि साधारण परिवार की बेटी भी अपनी मेहनत और लगन के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन कर सकती है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, अनुशासन और आत्मविश्वास की पाठशाला है। उन्होंने कहा कि सागर का लक्ष्य केवल एक यामिनी तैयार करना नहीं, बल्कि ऐसी हजारों प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना होना चाहिए, जो देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतें।

विधायक ने कहा कि यामिनी की उपलब्धि ने सागर और नरयावली विधानसभा को गौरवान्वित किया है। यह सफलता जिले के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने यामिनी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आने वाले समय में देश के लिए स्वर्ण पदक भी जीतेंगी।

समारोह में बड़ी संख्या में नागरिकों ने यामिनी मौर्य का सम्मान किया और उनकी उपलब्धि को पूरे सागर जिले का गौरव बताया।

इस अवसर पर सदर मंडल अध्यक्ष सौरभ केशरवानी, प्रभुदयाल पटेल, कुश कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पंकज मुखारिया, श्याम सुंदर मिश्रा, गणेश केसरवानी, रामप्रसाद विश्वकर्मा, विनोद गुरु, कोच दीपक कुमार, मधु मौर्य, आशीष सिंह, राहुल प्रधान, कर्रापुर नगर परिषद उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, पार्षद प्रशांत अहिरवार, सुनील चौकसे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।

खबर का असर .कॉम
लेखक

खबर का असर .कॉम

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।