मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सिहोरा पुलिस की पहल: सुरक्षा के लिए आगे आए 14 ग्रामीण, अब सड़क पर रहेगी सीसीटीवी कैमरों की नजर

By: गजेंद्र ठाकुर•
सिहोरा पुलिस की पहल: सुरक्षा के लिए आगे आए 14 ग्रामीण, अब सड़क पर रहेगी सीसीटीवी कैमरों की नजर
Sponsor Ad

सिहोरा में अपराधियों पर रहेगी तीसरी आंख की नजर, पुलिस की पहल पर 14 लोगों ने बढ़ाए सुरक्षा के हाथ

एक कैमरा अपने शहर के नाम अभियान से जुड़ रहे ग्रामीण, घर-दुकानों के कैमरों से पुलिस को मिलेगी मदद

सिहोरा/सागर। अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने और गांव की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस का “एक कैमरा अपने शहर के नाम” अभियान सिहोरा में रंग लाने लगा है। पुलिस की पहल पर 14 ग्रामीणों ने अपने घरों और दुकानों के बाहर सड़क की ओर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस को रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराने की सहमति दी है। इससे गांव में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।

पुलिस अधीक्षक सागर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर के मार्गदर्शन में चौकी सिहोरा, थाना राहतगढ़ के चौकी प्रभारी अभिषेक पटेल और उनके स्टाफ ने व्यापारियों, दुकानदारों तथा आम नागरिकों को सीसीटीवी कैमरों के महत्व की जानकारी दी। पुलिस ने लोगों को समझाया कि घर और दुकान के बाहर सड़क की ओर लगे कैमरे चोरी, लूट सहित अन्य आपराधिक घटनाओं की जांच में अहम साक्ष्य साबित हो सकते हैं।

पुलिस की इस पहल पर सुनील जैन, कल्याण सिंह, भागवत शरण ठाकुर, मनीष जैन, विजय सिंह, मंजू जैन, मुकेश जैन, अमित सोनी, हर्ष सोनी, श्याम जी तिवारी, राजेंद्र कुमार, सुनील कोरी, सोमनाथ सिंह और संजू विश्वकर्मा ने सहयोग के लिए सहमति दी।

गांव की सुरक्षा में जनभागीदारी की मिसाल

अभियान का उद्देश्य पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि किसी घटना के बाद जांच में सीसीटीवी फुटेज से मदद मिल सके। सिहोरा में ग्रामीणों की इस पहल को पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास एवं सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।