अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक में सामाजिक एकता और जनसेवा पर जोर
श्याम तिवारी ने कहा- समाज को बांटने वाली ताकतों के मंसूबे सफल नहीं होने देंगे
सागर। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा की जिला स्तरीय संगठनात्मक बैठक धर्मश्री स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी मुख्य अतिथि और मोर्चा जिलाध्यक्ष मधुकर जाटव अध्यक्ष के रूप में शामिल हुए। इस दौरान आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई और नवनियुक्त पदाधिकारियों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया।
श्याम तिवारी ने कहा कि संगठन की मजबूती समाज के प्रत्येक वर्ग के विश्वास और कार्यकर्ताओं के समर्पण से तय होती है। उन्होंने सामाजिक सद्भाव बनाए रखने, समाज को बांटने वाले प्रयासों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ताओं से समाज के सुख-दुख में सहभागी बनकर समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मधुकर जाटव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना मोर्चा के पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने बस्तियों और मोहल्लों तक पहुंचकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने तथा संगठन को मंडल और बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सागर में संत रविदास मंदिर एवं संत रविदास लोक के निर्माण को समाज के लिए गौरव का विषय बताया।
बैठक का संचालन जिला महामंत्री अंकित सनकत ने किया तथा आभार नरेंद्र डब्बू अठ्या ने माना। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन के अनुसार, बैठक में मोर्चा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


