मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय बने मध्यप्रदेश वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष, निर्विरोध हुआ निर्वाचन

By: गजेंद्र ठाकुर•
शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय बने मध्यप्रदेश वॉलीबॉल संघ के अध्यक्ष, निर्विरोध हुआ निर्वाचन
Sponsor Ad

2026-2030 तक संभालेंगे जिम्मेदारी, प्रदेश में खेल नीति बनाने और गांव-गांव तक वॉलीबॉल पहुंचाने की तैयारी

भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान ने खेल प्रशासन में नई जिम्मेदारी संभाली है। उन्हें मध्य प्रदेश वॉलीबॉल संघ का अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया है। रविवार को भोपाल में आयोजित चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रदेश के 33 जिला वॉलीबॉल संघों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्तिकेय को वर्ष 2026 से 2030 तक के कार्यकाल के लिए अध्यक्ष चुना गया है।

अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद कार्तिकेय सिंह चौहान ने प्रदेश में वॉलीबॉल को बढ़ावा देने के लिए नई कार्ययोजना तैयार करने की बात कही। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश वॉलीबॉल खेल नीति 2026 का प्रारूप जल्द तैयार किया जाएगा। इसके जरिए प्रदेश के सभी जिलों में खेल के विकास की दिशा तय करने के साथ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा।

उन्होंने कहा कि वॉलीबॉल को प्रदेश के गांवों तक पहुंचाना, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देना और जिला संघों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके लिए जिलावार रोडमैप तैयार करने की योजना है, ताकि अलग-अलग क्षेत्रों में खेल को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।

कार्तिकेय सिंह चौहान ने अध्यक्ष पद के लिए भरोसा जताने पर संघ के पदाधिकारियों, जिला संघों के प्रतिनिधियों और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उनका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को वॉलीबॉल से जोड़ना और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।

नई कार्यकारिणी में इन पदाधिकारियों को मिली जिम्मेदारी

चुनाव अधिकारी एडवोकेट दिलीप मालवीय ने निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई। चुनाव के बाद मध्य प्रदेश वॉलीबॉल संघ की नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के नाम घोषित किए गए।

अनवर खान को वरिष्ठ उपाध्यक्ष बनाया गया है। विधायक आशीष शर्मा और राम पांडे उपाध्यक्ष चुने गए हैं। सतीश जोशी को महासचिव और विशाल शर्मा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, डीआर सिंह और राजेश शुक्ला संयुक्त सचिव बनाए गए हैं।

कार्यकारिणी सदस्यों में आशीष सिंह, भूपेन्द्र कांत, राजेन्द्र चतुर्वेदी, मेरिट खिलाड़ी श्वेता शर्मा और रीवा के कृष्णानंद को शामिल किया गया है।

राज्य स्तरीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप कराने को मंजूरी

बैठक में अलग-अलग आयु वर्गों के लिए राज्य स्तरीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप आयोजित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही संघ की वैधानिक स्थिति के संबंध में सदन को विस्तृत जानकारी दी गई।

नई कार्यकारिणी के सामने प्रदेश में वॉलीबॉल का दायरा बढ़ाने, जिला संघों को मजबूत करने और उभरती खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी होगी। प्रस्तावित मध्यप्रदेश वॉलीबॉल खेल नीति 2026 और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।