मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

शिक्षक निलंबन पर शिक्षक संघ का विरोध, सावरकर पर सवाल पूछने के मामले में निलंबन वापस लेने की मांग

रिपोर्ट: गजेंद्र ठाकुर
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
शिक्षक निलंबन पर शिक्षक संघ का विरोध, सावरकर पर सवाल पूछने के मामले में निलंबन वापस लेने की मांग
Sponsor Ad

स्वातंत्र्यवीर सावरकर पर प्रश्न पूछने को लेकर शिक्षक के निलंबन पर मध्य प्रदेश शिक्षक संघ ने जताया कड़ा विरोध, निलंबन वापस लेने की मांग

सागर। केरल के कासरगोड जिले के कुंबला सब-डिस्ट्रिक्ट में विद्यालयी क्विज प्रतियोगिता (Social Science Freedom Quiz) के दौरान स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर से संबंधित प्रश्न पूछे जाने पर शिक्षक श्री गुरु प्रसाद को निलंबित किए जाने की घटना पर मध्य प्रदेश शिक्षक संघ (संबद्ध: अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ) जिला शाखा सागर ने तीव्र आक्रोश व्यक्त किया है। संघ ने इसे वैचारिक दुर्भावना और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर कुठाराघात बताते हुए शिक्षक के निलंबन को तत्काल वापस लेने की मांग की है।

इस संबंध में संघ के पदाधिकारियों द्वारा माननीय प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री केरल शासन एवं राज्यपाल महोदय केरल सरकार के नाम सागर कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में संघ ने उल्लेख किया कि भारत का स्वतंत्रता आंदोलन किसी एक राजनीतिक विचारधारा की संपत्ति नहीं है। स्वातंत्र्यवीर सावरकर देश के स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख ऐतिहासिक व्यक्तित्व हैं, जिनके सम्मान में पोर्ट ब्लेयर एयरपोर्ट का नामकरण, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा डाक टिकट जारी करना तथा संसद भवन में उनका चित्र स्थापित होना उनके योगदान को प्रमाणित करता है।

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि प्रश्नावली में कोई तथ्यात्मक या भाषाई त्रुटि थी, तो उसे सुधारा जा सकता था। बिना निष्पक्ष जांच के सीधे निलंबन जैसी दंडात्मक कार्रवाई करना शिक्षक समुदाय में भय और आत्म-सेंसरशिप का माहौल उत्पन्न करता है।

मध्य प्रदेश शिक्षक संघ ने मांग की है कि:

शिक्षक श्री गुरु प्रसाद का निलंबन अविलंब रद्द कर उन्हें ससम्मान सेवा में बहाल किया जाए।

पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पूर्वाग्रह-मुक्त जांच सुनिश्चित की जाए।

शिक्षकों की अकादमिक स्वतंत्रता, अभिव्यक्ति की गरिमा व अधिकारों की पूर्ण रक्षा की जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के सागर जिला संगठनमंत्री सी बी सिंह राजपूत, जिला अध्यक्ष सूर्यपाल सिंह राजपूत, जिला सचिव मनोज जैन, जिला कोषाध्यक्ष संदीप नाहर, जिला प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी शैलेन्द्र प्रजापति, जिला प्रकोष्ठ हमारा विद्यालय हमारा तीर्थ हाकम सिंह एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

गजेंद्र ठाकुर
लेखक

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।