मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

शादी का भरोसा दिलाकर महिला से 1.27 करोड़ की ठगी, जयपुर का युवक गिरफ्तार

रिपोर्ट: गजेंद्र ठाकुर
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
शादी का भरोसा दिलाकर महिला से 1.27 करोड़ की ठगी, जयपुर का युवक गिरफ्तार
Sponsor Ad

माधवनगर पुलिस ने 13 अगस्त को आरोपी को पकड़ा, पूछताछ में अन्य महिलाओं से संपर्क और इसी तरह रुपये लेने की जानकारी सामने आई

उज्जैन। शादी का वादा कर एक महिला से करीब 1.27 करोड़ रुपये लेने के मामले में माधवनगर थाना पुलिस ने जयपुर निवासी 36 वर्षीय युवक मनीष को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक ने लंबे समय तक महिला के संपर्क में रहकर उसे शादी करने का भरोसा दिलाया और अलग-अलग मौकों पर उससे रकम लेता रहा। बाद में जब उसने शादी से इनकार कर दिया तो महिला ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मनीष पुत्र तीरथदास, निवासी मानसरोवर, जयपुर को 13 अगस्त को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया। पुलिस अब आरोपी से पूरे मामले को लेकर पूछताछ कर रही है।

ऑटो में हुई थी महिला से मुलाकात

पुलिस के अनुसार, महिला का पहले तलाक हो चुका है और उसके पिता डॉक्टर हैं। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक ऑटो में मनीष से हुई थी। परिचय बढ़ने के बाद दोनों मोबाइल फोन के जरिए लगातार संपर्क में रहने लगे। आरोप है कि मनीष ने महिला को शादी का भरोसा दिलाया और इसी विश्वास के आधार पर अलग-अलग समय में उससे रुपये लेता रहा।

महिला की शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने उससे कुल करीब 1.27 करोड़ रुपये लिए। जब महिला ने शादी को लेकर बात की तो आरोपी ने विवाह करने से इनकार कर दिया। इसके बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की।

बैंक खातों और लेन-देन की जांच

मामले की जांच के दौरान पुलिस आरोपी के बैंक खातों और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटा रही है। रकम किन खातों में पहुंची और उसका इस्तेमाल किस तरह किया गया, इसकी भी जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी के अलग-अलग महिलाओं के संपर्क में रहने तथा उन्हें शादी का झांसा देकर रुपये लेने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस इन पहलुओं की भी जांच कर रही है।

गजेंद्र ठाकुर
लेखक

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।