विधायक, महापौर, भाजपा जिलाध्यक्ष, निगम अध्यक्ष और निगमायुक्त की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ; नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के साथ विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध
सागर, 4 अक्टूबर 2026। नगरीय क्षेत्र में नागरिकों को उनके वार्ड और घर के नजदीक लोक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को प्रदेशव्यापी “सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार” की शुरुआत हुई। नगर निगम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्री शैलेन्द्र कुमार जैन, महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार, निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री सहित पार्षद मौजूद रहे। इसी के साथ नगर निगम के सभी 8 जोनों में भी शिविर लगाए गए।
यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चल रहे “सेवा संकल्प अभियान” का हिस्सा है। इसके तहत प्रयास किया जा रहा है कि नागरिकों को सरकारी योजनाओं और लोक सेवाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि संबंधित विभाग और अधिकारी-कर्मचारी उनके क्षेत्र में पहुंचकर समस्याओं और आवेदनों का निराकरण करें। खासतौर पर श्रमिकों, महिलाओं, गरीब एवं वंचित वर्गों तथा अन्य पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया।
विधायक ने कहा—एक भी पात्र नागरिक लाभ से वंचित न रहे
विधायक श्री शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु कार्यक्रम नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और अधिकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए नागरिकों के बीच सेतु की भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिविरों में आने वाला कोई भी पात्र नागरिक शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए प्रयास किया जाना चाहिए।
महापौर बोलीं—जनता और सरकार के बीच विश्वास का सेतु
महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि “सेवा सेतु अभियान” सरकार और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
महापौर ने बताया कि नगर निगम द्वारा 12 नवंबर 2025 से “आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचौपाल” शिविर शुरू किए गए थे। इन शिविरों में वार्ड स्तर पर नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की मौजूदगी में उनके निराकरण की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान इसी जनसेवा की प्रक्रिया को और व्यापक बनाने का अवसर है।
8 जोनों में अधिकारियों की मौजूदगी, एक ही स्थान पर योजनाओं की जानकारी
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री श्याम तिवारी ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ उनके क्षेत्र में पहुंचकर दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी व लाभ मिल सके, यही शिविरों का उद्देश्य है।
निगम अध्यक्ष ने कहा—समय पर हितग्राहियों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
निगम अध्यक्ष श्री वृंदावन अहिरवार ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उनका लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान के माध्यम से नगर निगम नागरिकों तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और योजनाओं का लाभ दिलाने का काम कर रहा है। जनप्रतिनिधियों और अधिकारी-कर्मचारियों को संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की जरूरत है।
निगमायुक्त ने कहा—जहां संभव, मौके पर ही होगा निराकरण
निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री ने बताया कि नगर निगम और जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के समन्वय से 8 जोनों में शिविर लगाए गए हैं। अलग-अलग विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को शिविरों में तैनात किया गया है।
उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का मौके पर परीक्षण कर जहां संभव है, तत्काल निराकरण किया जा रहा है। जिन मामलों का मौके पर समाधान संभव नहीं है, उनमें संबंधित विभाग को निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
शिविरों में सामाजिक न्याय, स्कूल शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, उद्योग और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। नागरिकों ने इन स्टॉलों पर पहुंचकर योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ली तथा अपनी समस्याएं और आवेदन संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।

मंच से हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को मंच से लाभ प्रदान किया गया।
-
पीएम स्वनिधि योजना के तहत संध्या विश्वकर्मा को 25 हजार रुपए और नंदलाल अहिरवार को 15 हजार रुपए का चेक दिया गया।
-
संबल योजना के हितग्राही मनीराम पचौरी को 4 लाख रुपए की अनुग्रह सहायता प्रदान की गई।
-
प्रधानमंत्री आवास योजना के बीएलसी घटक के हितग्राही संभव जैन, मनोज सेन और भागीरथ प्रजापति को आवास की चाबी सौंपी गई।
-
पीएम आवास एएचपी घटक के हितग्राही अजय आठया को गृह प्रवेश कराया गया।
-
प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 शहरी के तहत 28 भूमिहीन हितग्राहियों को पट्टे प्रदान किए गए।
-
इसी योजना के तहत आवास निर्माण के लिए 120 हितग्राहियों के खातों में पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपए सिंगल क्लिक के माध्यम से भेजे गए।
2627 हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई
नगर निगम क्षेत्र में ऐसे पात्र नागरिकों की पहचान की गई, जो केंद्र और राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ लेने से वंचित थे। अभियान के तहत उनकी पात्रता के अनुसार आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराने की कार्रवाई की गई।
नगर निगम के अनुसार पीएम स्वनिधि, विभिन्न पेंशन योजनाओं, संबल योजना, राशन पर्ची, नामांतरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, पट्टा वितरण, कर्मकार मंडल सहित अन्य योजनाओं से जुड़े कुल 2627 हितग्राहियों को लाभ दिलाने की कार्रवाई की गई है।


