सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट में बैठक : कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अधिकारियों को सौंपीं विभागीय जिम्मेदारियां
सागर। आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में संचालित प्रदेशव्यापी अभियान) की रूपरेखा और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने की।
कलेक्टर ने समीक्षा के दौरान स्पष्ट किया कि सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना, रचनात्मक गतिविधियों से समाज को जोड़ना और जनसेवा की भावना को और सुदृढ़ बनाना है। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए उन्होंने जिलास्तरीय अधिकारियों को विभागवार जिम्मेदारियां सौंपीं।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अधिकारियों को सौंपे गए मुख्य दायित्वों में ग्राम पंचायत स्तर से लेकर जिले स्तर तक समुचित व्यवस्थाएं की जाएंगी। प्रत्येक बूथ पर दीप प्रज्वलन की व्यवस्था की जाएगी। इसकी संपूर्ण व्यवस्था की जिम्मेदारी जनपद सीईओ एवं नगरीय निकायों के सीएमओ को दी गई है। जनसेवा भाव और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए सभी शासकीय विभागों के कार्यालयों में सफाई अभियान और श्रमदान कार्यक्रम आयोजित होंगे। स्कूल और कॉलेजों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही, जन जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटकों आयोजित होंगे। पोषण और स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आंगनवाड़ी केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों के साथ-साथ उनकी माताओं को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाएगा।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी तरीके से अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए विधानसभावार हितग्राहियों की सूची तैयार करें। पूरे अनुविभाग में सेवा संकल्प अभियान की सभी व्यवस्थाओं, कार्यक्रमों के सुचारू संचालन और अंतर-विभागीय समन्वय के लिए संबंधित अनुविभागीय अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी समन्वय स्थापित कर अभियान की तिथिवार कार्ययोजना बनाएं और सौंपे गए दायित्वों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। जिसकी समय सीमा बैठक में भी समीक्षा की जाएगी।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जगदीश गोमे, सिटी मजिस्ट्रेट श्री शैलेश द्विवेदी , डिप्टी कलेक्टर श्री संजय जैन सहित सभी जिला अधिकारी और वीसी के माध्यम से सभी एसडीएम मौजूद रहे।


