सेवा और जनकल्याण के संकल्प के साथ जन-जन तक पहुंचेगी भाजपा : श्याम तिवारी
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, प्रभावी संचालन के लिए जिला स्तरीय टोली गठित
सागर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से प्रारंभ होने वाले एक माह के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी सागर की बैठक भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा, जनकल्याण एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा कर उनके प्रभावी क्रियान्वयन की कार्ययोजना तैयार की गई। साथ ही अभियान के सुचारु संचालन के लिए जिला स्तरीय टोली का गठन कर दायित्वों का निर्धारण किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में दायित्व संभालने के बाद से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्र का नेतृत्व करते हुए संवैधानिक पद पर जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण किए हैं। सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्रहित को समर्पित उनकी यह 25 वर्षीय यात्रा जनसेवा के प्रति उनके अटूट संकल्प की प्रेरक अभिव्यक्ति है। इसी भाव को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।
श्री तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं ने गरीब, किसान, महिला, युवा सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता सेवा कार्यों के साथ शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करेंगे तथा पात्र नागरिकों तक योजनाओं की जानकारी एवं उनका लाभ पहुंचाने में सहयोगी की भूमिका निभाएंगे।
बैठक में अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, लाभार्थी संपर्क, आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान, युवा सहभागिता, नुक्कड़ नाटक एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न सेवा एवं रचनात्मक गतिविधियों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि अभियान को केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला तक सीमित न रखते हुए इसे सेवा और जनसंपर्क का व्यापक जनअभियान बनाया जाए। सभी मंडल, मोर्चे एवं प्रकोष्ठ समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच पहुंचकर अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करें। प्रत्येक आयोजन ऐसा हो जिससे समाज को प्रत्यक्ष लाभ मिले और सेवा के माध्यम से संगठन का जनता के साथ संवाद और अधिक सशक्त हो।
बैठक में बताया गया कि अभियान के दौरान 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस, 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती तथा 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पद पर जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन अवसरों पर जिलेभर में सेवा, स्वच्छता, जनकल्याण एवं जनसंपर्क की गतिविधियों को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के सफल एवं प्रभावी संचालन के लिए जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी द्वारा जिला स्तरीय टोली का गठन किया गया है। टोली में जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया को संयोजक तथा विधायक शैलेंद्र कुमार जैन, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, जिला महामंत्री सुमित यादव, नितिन सोनी एवं तृप्ति सिंह लोधी को सदस्य बनाया गया है। यह टोली जिले में अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली विभिन्न सेवा, जनकल्याण एवं जनसंपर्क गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समन्वय का दायित्व संभालेगी।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष जगन्नाथ गुरैया, विक्रम सोनी, मनीष चौबे, जिला महामंत्री सुमित यादव, मंडल अध्यक्ष नीरज यादव, सोशल मीडिया संयोजक जय सोनी, गुड्डू सोनी सहित अपेक्षित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


