सावन में आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश, संकल्प फाउंडेशन ने बांटे तुलसी के पौधे
भूतेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं को तुलसी पौधे वितरित, डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क में रोपे 30 पौधे
सागर। सावन सोमवार के पावन अवसर पर संकल्प फाउंडेशन ने धार्मिक आस्था को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए शहर में दो स्थानों पर अभियान चलाया। श्री देव भूतेश्वर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को 50 तुलसी के पौधे वितरित किए गए, जबकि संजय ड्राइव स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क में 30 पौधों का रोपण किया गया। इस तरह कुल 80 पौधों के वितरण एवं रोपण के माध्यम से घरों और सार्वजनिक स्थलों को हरियाली से जोड़ने का संदेश दिया गया।

भूतेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक तुलसी के पौधे ग्रहण किए। संकल्प फाउंडेशन की टीम ने श्रद्धालुओं से पौधों को घर में उचित स्थान पर लगाने और नियमित देखभाल करने की अपील की।
इसके बाद डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क में 30 पौधे रोपे गए। फाउंडेशन के सदस्यों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख और सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने की बात कही, ताकि पौधे सुरक्षित रूप से विकसित होकर पार्क की हरियाली का हिस्सा बन सकें।
संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी ने कहा कि भूतेश्वर मंदिर में तुलसी के पौधे वितरित करने का उद्देश्य श्रद्धालुओं को आस्था के साथ प्रकृति संरक्षण का संकल्प अपने घर तक ले जाने के लिए प्रेरित करना है। तुलसी का पौधा धार्मिक परंपराओं और घरेलू जीवन से जुड़ा होने के कारण लोगों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का सहज माध्यम है।
उन्होंने कहा कि फाउंडेशन लगातार पौधारोपण अभियान चला रहा है। इस बार तुलसी के पौधों के माध्यम से हरियाली का संदेश घर-घर पहुंचाने के साथ डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क में पौधारोपण कर सार्वजनिक स्थल की हरियाली बढ़ाने की पहल की गई है।
कार्यक्रम में नमन चौबे, नीरज करोसिया, निष्कर्ष दुबे, प्रज्वल भारद्वाज, टिंकू साहू, हिमांशु साहू, कार्तिक जाटव, वैष्णवी समय्या, शुभम गौतम, शिवांक तिवारी और भास्कर मुखार्या सहित संकल्प फाउंडेशन के सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


