पन्ना के रानीपुर क्षेत्र में पहली बार लगाई थी उथली खदान, हीरा पारखी ने 15 लाख रुपये आंकी कीमत; नीलामी की रकम से फिर शुरू करेंगे तलाश
पन्ना। कहते हैं कि किस्मत कब और किस रूप में साथ दे जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। ऐसा ही कुछ पन्ना के ऑटो चालक सोनू रैकवार के साथ हुआ। पिछले कुछ दिनों से उन्हें सपने में हीरा दिखाई दे रहा था। मन में उम्मीद थी कि कभी यह सपना हकीकत बनेगा। आखिरकार उनकी यह चाहत पूरी हो गई और खदान में खुदाई के दौरान उन्हें 3.17 कैरेट का चमकदार हीरा मिल गया। सोनू ने शुक्रवार को यह हीरा हीरा कार्यालय में जमा करा दिया।
हीरा पारखी अनुपम सिंह ने इस हीरे की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई है। वहीं, हीरा कार्यालय में अब तक कुल 175 हीरे जमा हो चुके हैं। इनका कुल वजन 387.21 कैरेट है और अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये आंकी गई है। जानकारी के मुताबिक, हीरों की आखिरी नीलामी दिसंबर 2024 में आयोजित की गई थी।
सपने को सच करने के लिए शुरू की खदान
सोनू रैकवार ने बताया कि बीते कुछ दिनों से उन्हें रात में सोते समय हीरा मिलने के सपने आ रहे थे। हर सुबह जागने पर उनके मन में यही ख्याल आता था कि काश, सपना सच हो जाए। उन्होंने अपने परिवार के सदस्यों को भी इन सपनों के बारे में बताया था।
इसके बाद उन्होंने हीरा कार्यालय से पट्टा प्राप्त किया और पहली बार रानीपुर क्षेत्र में उथली खदान लगाने का फैसला किया। सोनू ने पूरी मेहनत के साथ खुदाई शुरू की। महज 15 दिनों के भीतर उनकी मेहनत रंग लाई और उन्हें 3.17 कैरेट का हीरा मिल गया।
अब बड़े हीरे की तलाश जारी रखेंगे सोनू
हीरा मिलने से उत्साहित सोनू रैकवार का कहना है कि नीलामी के बाद मिलने वाली रकम का इस्तेमाल वह दोबारा खदान लगाने में करेंगे। उनका इरादा हीरों की तलाश जारी रखने का है। सोनू ने बताया कि उन्हें अब भी सपने में बड़े हीरे दिखाई दे रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि आने वाले समय में उनकी किस्मत फिर चमक सकती है।


