मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सहयोग के बदले सहयोग योजना: छह दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को मिले 1.54 करोड़ रुपये

By: गजेंद्र ठाकुर•
सहयोग के बदले सहयोग योजना: छह दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को मिले 1.54 करोड़ रुपये
Sponsor Ad

सहयोग के बदले सहयोग योजना: छह दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को मिले 1.54 करोड़ रुपये

सागर के दिवंगत शिक्षक अरविन्द साहू के परिवार को 26 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, अब तक 36 परिवारों को 9.73 करोड़ से अधिक का सहयोग

सागर। सेवाकाल के दौरान किसी कर्मचारी की असमय मृत्यु होने पर उसके परिवार के सामने आने वाले आर्थिक संकट को कम करने के उद्देश्य से पी एम यू एम शिक्षक संघ मध्यप्रदेश द्वारा ‘सहयोग के बदले सहयोग’ योजना संचालित की जा रही है। इस मानवीय पहल के तहत नवंबर माह में प्रदेश के छह दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को कुल 1 करोड़ 54 लाख 59 हजार 912 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। इनमें सागर जिले के दिवंगत शिक्षक अरविन्द साहू का परिवार भी शामिल है, जिसे 26 लाख 333 रुपये की सहायता मिली है।

पी एम यू एम शिक्षक संघ कर्मचारी कल्याण कोष के प्रांतीय महासचिव मुकेश नेमा ने बताया कि शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग के कर्मचारियों के लिए संचालित इस योजना में अब तक 1 लाख 32 हजार कर्मचारी निशुल्क पंजीयन करा चुके हैं। योजना का पंजीयन पूरी तरह निशुल्क है। यदि पंजीकृत सदस्यों में से किसी कर्मचारी का सेवाकाल के दौरान निधन हो जाता है, तो संगठन के अन्य पंजीकृत सदस्य निर्धारित सहयोग राशि सीधे दिवंगत कर्मचारी के परिवार के नामिनी के बैंक खाते में ट्रांसफर करते हैं।

उन्होंने बताया कि सहयोग अभियान प्रत्येक माह की 5 से 20 तारीख तक संचालित किया जाता है। नवंबर माह में यह अभियान 5 से 20 नवंबर तक चला। इस बार कर्मचारियों के छह समूह बनाए गए थे और प्रत्येक समूह में प्रति शिक्षक 199 रुपये सहयोग राशि निर्धारित की गई थी। इस व्यवस्था के तहत इस बार एक दिवंगत शिक्षक के परिवार के लिए प्रत्येक सहयोगी कर्मचारी पर औसतन मात्र 33 रुपये का भार आया। नेमा के अनुसार पंजीयन की संख्या बढ़ने के साथ प्रत्येक कर्मचारी की सहयोग राशि और कम होती जाएगी।

छह दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को मिली सहायता

संभाग उपाध्यक्ष अनुराग राय ने बताया कि नवंबर माह में जिन छह दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया, उनमें सागर के अरविन्द साहू के परिवार को 26,00,333 रुपये, धार के दिनेश अहिरवार के परिवार को 25,69,886 रुपये, दमोह के शिवराज ठाकुर के परिवार को 25,80,234 रुपये, बालाघाट के रौशन रहांगडाले के परिवार को 25,82,622 रुपये, मंदसौर के विष्णु चंद तिवारी के परिवार को 25,65,707 रुपये तथा आगर के गिरीश शर्मा के परिवार को 25,61,130 रुपये की राशि सीधे बैंक खातों में भेजी गई है।

इस माह छह परिवारों को कुल 1,54,59,912 रुपये की सहायता दी गई है।

अब तक 36 परिवारों को 9.73 करोड़ से अधिक का सहयोग

जिला अध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव एवं जिला प्रभारी गोविंद सिंह ठाकुर ने बताया कि दिसंबर 2025 में शुरू हुई इस योजना के माध्यम से अब तक प्रदेश के 36 दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को कुल 9 करोड़ 73 लाख 83 हजार 310 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। यह राशि कर्मचारियों द्वारा सीधे संबंधित परिवारों के बैंक खातों में ट्रांसफर की गई है।

प्रदेश संगठन मंत्री मनीष माथुर ने बताया कि मध्यप्रदेश में इस तरह की मानवीय पहल पहली बार शुरू की गई है। यदि ऐसी व्यवस्था पहले से लागू होती तो अनेक दिवंगत कर्मचारियों के परिवारों को कठिन समय में आर्थिक संबल मिल सकता था। संगठन के संस्थापक सतीश खरे ने सेवारत कर्मचारियों और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस योजना की शुरुआत की थी, जो आज जरूरतमंद परिवारों के लिए आशा और विश्वास का माध्यम बन रही है।

सह संस्थापक बृजेश असाटी एवं मुरली मनोहर अरजरिया ने बताया कि समाज के प्रबुद्धजन इस पहल की सराहना कर रहे हैं और अधिक से अधिक कर्मचारियों से इससे जुड़ने की अपील कर रहे हैं।

योजना के संयोजक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि यह योजना पूरी तरह ‘सहयोग के बदले सहयोग’ की भावना पर आधारित है। आज यदि कोई कर्मचारी दूसरे दिवंगत साथी के परिवार को आर्थिक सहयोग देता है तो भविष्य में आपात स्थिति आने पर उसके परिवार को भी इसी व्यवस्था के तहत सहयोग मिल सकता है। हालांकि, केवल पंजीयन कराने से ही कोई परिवार स्वतः सहायता का पात्र नहीं हो जाता, बल्कि योजना की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सहयोग अभियान संचालित किया जाता है।

इस योजना को सफल बनाने में प्रांतीय संयोजक पवन खरे, विनोद राठौड़, संजय श्रीवास्तव, श्रीमती कृष्णा साहू, प्रेम नारायण अहिरवार, रामनरेश ठाकुर, जिला आईटी सेल प्रभारी रवि जैन, रंजीत यादव, दिनेश चौबे, खूब सिंह ठाकुर, वीरेंद्र सोनी, सत्य सिंह, शिवचरण शिवचौरसिया, जितेंद्र सिंह, प्रदीप जैन, रूपेश खरे, चंद्रहास श्रीवास्तव, विनोद ताम्रकार, धर्मेन्द्र अहिरवार, अजय कोहले, रतन लाल साहू, ओंकार साहू, दीपा अहिरवार, राजकुमारी यादव एवं संध्या साहू सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।