मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

SagarNews: वनकर्मियों पर हमला करने वालो को पुलिस ने किया गिरफ्तार, ट्रैक्टर भी जब्त

By: गजेंद्र ठाकुर•
SagarNews: वनकर्मियों पर हमला करने वालो को पुलिस ने किया गिरफ्तार, ट्रैक्टर भी जब्त
Sponsor Ad

सागर। शाहगढ़ थाना क्षेत्र में वन भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास को रोकने पहुंची वन विभाग की टीम के साथ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है।

शाहगढ़ पुलिस ने घटना के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए ट्रैक्टर को भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। गौरतलब है कि वारदात के बाद पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया खुद मामलें में नजर जमाये थे, और पुलिस अमलें को त्वरित कार्यवाई करने के निर्देश दिए थे।

घटना 12 अक्टूबर 2026 को ग्राम निवाही के बीट बट्टवाहा अंतर्गत वन कक्ष क्रमांक आरएफ-477 में छोटा बंधा के पास हुई थी। यहां कुछ लोग ट्रैक्टर चलाकर वन भूमि पर जुताई कर रहे थे। वन विभाग को इसकी जानकारी मिलने पर डिप्टी रेंजर शैलेन्द्र तिवारी अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे।

जुताई रोकने पर वनकर्मियों से मारपीट का आरोप

वनरक्षक नारायण सिंह द्वारा शाहगढ़ थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक, वन विभाग की टीम ने संबंधित लोगों को वन भूमि पर ट्रैक्टर चलाकर जुताई करने से रोका। इसी बात को लेकर हरिराम यादव, अमित यादव और हरेन्द्र यादव पर वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मारपीट करने और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने का आरोप है।

घटना में डिप्टी रेंजर शैलेन्द्र तिवारी और वनरक्षक नारायण सिंह को चोटें आईं। इसके बाद वनरक्षक की शिकायत पर शाहगढ़ पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 315/26 दर्ज कर विवेचना शुरू की।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296(बी), 115(2), 118(1), 132, 151(1) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया।

मुखबिर की सूचना पर तीनों गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बंडा रोहित लखारे के मार्गदर्शन में शाहगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 15 अक्टूबर को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरिराम यादव, पिता जनक यादव, तथा अमित यादव और हरेन्द्र यादव, दोनों पिता हरिराम यादव, निवासी ग्राम निवाही, थाना शाहगढ़, जिला सागर के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर भी जब्त किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

शाहगढ़ पुलिस की टीम ने की कार्रवाई

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शाहगढ़ उप निरीक्षक संदीप खरे, उप निरीक्षक गणपत सिंह, सहायक उप निरीक्षक राजेश खरे, प्रधान आरक्षक अमित, जानकी, जय, हरिराम एवं संतोष राय तथा आरक्षक दिनेश, लखन, रवि, आर्यन और सुनील की भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।