सागर: स्कूल जाने वाली सड़क बनी दलदल, छात्राओं ने गड्ढों में धान रोपकर जताया विरोध
कांसखेड़ा स्थित शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय के मार्ग को सुधारने की मांग, दो वर्षों से परेशानी झेल रहीं छात्राएं
सागर। देवरी नगर से सटे जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत कांसखेड़ा में स्थित शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय तक पहुंचने वाला रास्ता लंबे समय से जर्जर हालत में है। बारिश के बाद सड़क के गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से पूरा मार्ग कीचड़ और दलदल जैसा हो गया है, जिससे प्रतिदिन स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं और शिक्षकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
विद्यालय मार्ग की बदहाली से नाराज छात्राओं ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार को अनूठा सांकेतिक प्रदर्शन किया। छात्राओं ने सड़क के पानी से भरे गड्ढों में धान के पौधे लगाकर जिम्मेदार अधिकारियों और पंचायत का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।
छात्राओं का कहना है कि इस मार्ग की मरम्मत और निर्माण को लेकर ग्राम पंचायत एवं प्रशासन को कई बार लिखित शिकायतें और ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुधार नहीं हुआ। बारिश के दिनों में उन्हें कीचड़ और गंदे पानी से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ता है। इससे स्कूल ड्रेस खराब होने के साथ ही फिसलकर घायल होने का खतरा भी बना रहता है।
प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने बताया कि मुख्य सड़क से विद्यालय तक जाने वाला पूरा रास्ता कच्चा है। हल्की बारिश होते ही जगह-जगह बने गड्ढे पानी से भर जाते हैं और आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान रोपने का उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था का विरोध नहीं, बल्कि सुरक्षित और सुगम विद्यालय मार्ग की मांग को प्रभावी ढंग से प्रशासन तक पहुंचाना है।
विद्यालय की छात्रा मसीरा खान ने बताया कि मुख्य सड़क से स्कूल तक पहुंचने वाला रास्ता वर्षों से कच्चा पड़ा हुआ है। बरसात में पानी भर जाने के कारण छात्राओं को रोजाना काफी परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार ज्ञापन देने के बावजूद सड़क की हालत जस की तस बनी हुई है।
कक्षा 10वीं की छात्रा शिखा स्वामी ने कहा कि लगभग दो वर्षों से सड़क बेहद खराब स्थिति में है। ग्राम पंचायत को कई बार लिखित शिकायत देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क का निर्माण अथवा स्थायी सुधार नहीं किया गया तो छात्राएं विद्यालय के सामने बैठकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगी।
विद्यालय के शिक्षक अमन शर्मा ने बताया कि बारिश के समय गड्ढों में पानी भर जाने से पैदल विद्यालय आने वाली छात्राओं के साथ-साथ शिक्षकों को भी आवागमन में दिक्कत होती है। उन्होंने कहा कि करीब दो वर्ष पहले विद्यालय प्रबंधन ने भी लिखित रूप से सड़क सुधार की मांग की थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई अब तक नहीं हुई। विद्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्राएं अध्ययन के लिए पहुंचती हैं, इसलिए मार्ग का दुरुस्त होना बेहद आवश्यक है।
मामले में ग्राम पंचायत कांसखेड़ा की सरपंच मोनू पटेल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। इसके कारण उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।
वहीं देवरी एसडीएम मुनव्वर खान ने बताया कि विद्यालय मार्ग की समस्या और छात्राओं द्वारा किए गए प्रदर्शन की जानकारी उनके संज्ञान में आ गई है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत से चर्चा कर सड़क को जल्द दुरुस्त कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


