मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर शराब कांड: 30 हजार का इनामी आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

By: गजेंद्र ठाकुर
सागर शराब कांड: 30 हजार का इनामी आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
Sponsor Ad

शराब कांड में 30 हजार का इनामी आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

पुलिस को देखकर तीन फायर किए, जवाबी कार्रवाई में दो राउंड फायर; कट्टा, कारतूस, मोबाइल और बाइक बरामद

सागर। बंडा जहरीली शराब कांड में फरार चल रहे 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत को सागर पुलिस ने रविवार तड़के पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर तीन फायर किए। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो राउंड फायर किए, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

पुलिस के अनुसार शिवांजय राजपूत पिता धर्मेंद्र राजपूत (21), निवासी ग्राम छापरी थाना बंडा, शराब कांड के बाद से फरार था। उस पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व से तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वह शराब तस्करी में भी संलिप्त रहा है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी बहरोल थाना क्षेत्र के कठुआ नाला के पास जंगल से धामोनी-बहरोल मार्ग होते हुए अपने गांव छापरी जाने की कोशिश कर सकता है। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बांदरी थाना प्रभारी सतेन्द्र सिंह और बहरोल थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की घेराबंदी कर सर्चिंग शुरू की।

सर्चिंग के दौरान पुलिस टीम को देखकर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक उसने पुलिस टीम को निशाना बनाकर तीन गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो राउंड फायर किए, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, तीन खाली कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने बरामद हथियार और अन्य सामग्री के संबंध में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

सागर पुलिस के अनुसार शराब के अवैध निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण से जुड़े आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।