सागर से अनेक कांग्रेसी दिल्ली रवाना, रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में होंगे शामिल
शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भरी हुंकार, राहुल गांधी के समर्थन में दिल्ली कूच
सागर। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में शामिल होने के लिए सागर से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली रवाना हुए। जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में कार्यकर्ता बसों, ट्रेनों और निजी वाहनों से दिल्ली पहुंचेगे।
कांग्रेस द्वारा आयोजित इस महारैली में शामिल होने के लिए शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव भी अपने साथियों के साथ सागर बस स्टैंड से बस द्वारा दिल्ली के लिए रवाना हुए।
संविधान और लोकतंत्र की लड़ाई का दावा
इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश में संविधान, लोकतंत्र और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठा रहे हैं। उनके आह्वान पर रामलीला मैदान में आयोजित होने वाला प्रदर्शन केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस की आवाज को बुलंद करेगा। उन्होंने कहा कि सागर शहर कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता इस लड़ाई में राहुल गांधी के साथ खड़ा है।
कांग्रेस के विभिन्न संगठनों की भागीदारी
दिल्ली रवाना होने के दौरान शहर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, ब्लॉक अध्यक्ष, पार्षद, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल और एनएसयूआई के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, कार्यकर्ता 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित महारैली में भाग लेकर पार्टी के अभियान को समर्थन देंगे।


