मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसे यात्री की RPF जवान ने बचाई जान

By: गजेंद्र ठाकुर•
सागर रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसे यात्री की RPF जवान ने बचाई जान
Sponsor Ad

इंदौर-हावड़ा क्षिप्रा एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान फिसला यात्री का पैर, आरक्षक सूरज कुमार सेन ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाला

सागर। रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहा एक यात्री अचानक संतुलन बिगड़ने से प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच जा गिरा। मौके पर तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के आरक्षक सूरज कुमार सेन ने बिना समय गंवाए यात्री को पकड़कर बाहर खींच लिया। जवान की सतर्कता और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना का वीडियो शनिवार को सामने आया है।

जानकारी के मुताबिक, इंदौर के नंदानगर निवासी हरिशंकर गढ़वाल शुक्रवार को इंदौर-हावड़ा क्षिप्रा एक्सप्रेस से हावड़ा जा रहे थे। सागर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची तो वे खाने-पीने का सामान लेने के लिए नीचे उतर गए। इसी बीच ट्रेन ने चलना शुरू कर दिया।

ट्रेन को रवाना होते देख हरिशंकर ने दौड़कर उसमें चढ़ने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान उनका पैर पायदान से फिसल गया। संतुलन बिगड़ने के कारण वे प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गए। स्थिति बेहद गंभीर थी और जरा-सी देरी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।

घटना को देखते ही प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी कर रहे RPF आरक्षक सूरज कुमार सेन तुरंत यात्री की ओर दौड़े। उन्होंने फुर्ती दिखाते हुए हरिशंकर को पकड़ लिया और ट्रेन व प्लेटफॉर्म के बीच से सुरक्षित बाहर खींच लिया। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन प्रबंधन के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। ट्रेन को रुकवाया गया और यात्री से पूछताछ की गई। आवश्यक जानकारी लेने के बाद हरिशंकर को सुरक्षित तरीके से दोबारा ट्रेन में बैठाया गया। इसके बाद ट्रेन को यात्री के साथ आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।