सागर नगर निगम में ठेका प्रथा को लेकर कांग्रेस का मोर्चा, बब्बू यादव बोले- किसी कीमत पर नहीं होने देंगे लागू
सागर। सागर नगर निगम में ठेका प्रथा लागू करने के प्रस्ताव को लेकर सोमवार को कांग्रेस पार्षदों ने विरोध जताते हुए निगम सभागार में प्रदर्शन किया। कांग्रेस पार्षद एकजुट होकर सभागार पहुंचे और प्रस्ताव के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने “निगम की कार्यप्रणाली नहीं चलेगी, ठेका प्रथा नहीं चलेगी” और “भाजपा की तानाशाही नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए।
नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष बब्बू यादव ने कहा कि ठेका व्यवस्था लागू होने के बाद शहर की व्यवस्थाओं में निजी ठेकेदारों की भूमिका बढ़ जाएगी। उनका आरोप है कि इससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है और निगम के कामकाज में निजी हस्तक्षेप बढ़ेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस नगर निगम की व्यवस्थाओं को ठेके पर दिए जाने का किसी भी कीमत पर समर्थन नहीं करेगी।
बब्बू यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के 39 पार्षदों के बहुमत के दम पर नगर निगम में ठेका प्रथा लागू करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब मध्यप्रदेश में इस तरह की व्यवस्था लागू नहीं है, तो फिर सागर नगर निगम में इसे लागू करने की जरूरत क्यों पड़ रही है।
कांग्रेस पार्षदों का कहना है कि नगर निगम से जुड़ी व्यवस्थाओं का संचालन निगम प्रशासन और उसके कर्मचारियों के माध्यम से ही किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि निजी ठेकेदारों को जिम्मेदारी सौंपने से आम नागरिकों के साथ-साथ निगम के कर्मचारियों के हित भी प्रभावित हो सकते हैं।
कांग्रेस पार्षदों ने कहा कि ठेका प्रथा लागू करने की दिशा में कोई कदम उठाया गया तो उनका विरोध और आंदोलन आगे भी जारी रहेगा और इसे और व्यापक किया जाएगा।


