खुरई देहात थाना क्षेत्र की घटना; निजी स्कूल में 9वीं कक्षा में पढ़ती थी छात्रा
सागर। खुरई देहात थाना क्षेत्र के एक गांव में मोबाइल फोन को लेकर मां की डांट से नाराज 14 वर्षीय छात्रा ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने के बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया गया है कि छात्रा खुरई के एक निजी स्कूल में कक्षा 9वीं में पढ़ती थी। गुरुवार रात वह काफी देर तक मोबाइल चला रही थी। इस पर उसकी मां ने उसे मोबाइल चलाने से मना किया और फोन अपने पास रख लिया।
मोबाइल वापस नहीं मिलने पर छात्रा नाराज हो गई। रात में खाना खाने के बाद जब वह घर में अकेली थी, इसी दौरान उसने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया।
कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल खुरई सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। छात्रा की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे सागर रेफर कर दिया।
सागर में उपचार के दौरान छात्रा ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।


