सागर में विवाद के बाद युवक की हत्या, ममेरे भाई ने सब्बल से किया हमला
बहेरिया गांव में देर रात हुई वारदात, 28 वर्षीय राहुल अहिरवार की मौत; पुलिस ने आरोपी अशोक अहिरवार को किया गिरफ्तार
गौरझामर। गौरझामर थाना क्षेत्र के ग्राम बहेरिया में देर रात आपसी विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक युवक ने अपने ममेरे भाई पर सब्बल से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल 28 वर्षीय राहुल अहिरवार की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी अशोक अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम बहेरिया निवासी अशोक अहिरवार का किसी बात को लेकर अपने ममेरे भाई राहुल अहिरवार से विवाद हो गया था। बातचीत के दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। इसी दौरान अशोक ने राहुल पर सब्बल से हमला कर दिया। हमले में राहुल को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी गांव में फैलते ही सनसनी का माहौल बन गया। सुबह मृतक राहुल के पिता गौरझामर थाना पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी। उनकी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अशोक अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया है। देवरी एसडीओपी अरुण संध्या उइके ने बताया कि ग्राम बहेरिया में अशोक अहिरवार द्वारा अपने ममेरे भाई राहुल अहिरवार पर सब्बल से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। मृतक के पिता की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच बहस के बाद विवाद बढ़ा था। हालांकि, इस घटना के पीछे असल वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और विस्तृत जांच के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह सामने आने की बात कही गई है।


