मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में तार चोरी गिरोह का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

By: गजेंद्र ठाकुर
सागर में तार चोरी गिरोह का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
Sponsor Ad

सागर में तार चोरी गिरोह का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

70–80 किलो चोरी का विद्युत तार और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद, कुल ₹65 हजार का मशरूका जब्त

सागर। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बांदरी पुलिस ने विद्युत तार चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 70–80 किलोग्राम चोरी का विद्युत तार और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब ₹65 हजार बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक सागर श्री अनुराग सुजानिया ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को संपत्ति संबंधी अपराधों में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी के मार्गदर्शन और एसडीओपी खुरई श्रीमती काजल सिंह के निर्देशन में बांदरी पुलिस ने यह कार्रवाई की।

टावर के नीचे से चोरी हुआ था विद्युत तार

मामले में 22 सितंबर 2026 को मनीष पिता एल.एन. मिश्रा, उम्र 47 वर्ष, निवासी अभिनंदन नगर, थाना मकरोनिया ने बांदरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह सिक्योर सिक्योरिटी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड इंचार्ज के रूप में काम करते हैं। उनकी कंपनी पहरगुवां, सागोलिया, हनोता और कुल्ल क्षेत्र में आर.एस. इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के विद्युत तारों की सुरक्षा का जिम्मा संभाल रही है।

फरियादी के मुताबिक 21 सितंबर 2026 की रात करीब 11 बजे पहरगुवां गांव में नाले के पास टावर के नीचे रखा लगभग 70 से 80 किलोग्राम वजन का विद्युत तार का विंडल गायब मिला। इसकी अनुमानित कीमत करीब ₹25 हजार बताई गई। अज्ञात व्यक्ति द्वारा तार चोरी किए जाने की शिकायत पर बांदरी थाना पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा

घटना की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने लगातार जानकारी जुटाते हुए ग्राम पहरगुवां में घेराबंदी की और दो संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की।

पूछताछ में दोनों ने अपने नाम रनवीर पिता लक्ष्मण लोधी, उम्र 36 वर्ष और सुदामा पिता किशन लाल आदिवासी, उम्र 30 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम पहरगुवां, थाना बांदरी बताए।

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुई तार चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

चोरी का तार और मोटरसाइकिल जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 70–80 किलोग्राम विद्युत तार बरामद किया, जिसकी कीमत लगभग ₹25 हजार बताई गई है। इसके अलावा चोरी किए गए तार को ले जाने में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹40 हजार है।

इस तरह पुलिस ने आरोपियों से कुल ₹65 हजार कीमत का मशरूका बरामद किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आदेश के बाद उन्हें उपजेल खुरई में निरुद्ध किया गया।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बांदरी उनि. श्री सतेन्द्र गुर्जर, सउनि श्री शरीफ खान, प्रआर 1360 श्री जागेश्वर, प्रआर 1627 जितेन्द्र, आरक्षक श्री जयराम यादव, आरक्षक 1517 अविनाश मिश्रा और आरक्षक 1507 श्री विनोद की विशेष भूमिका रही।

सागर पुलिस के मुताबिक संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की गिरफ्तारी, चोरी की संपत्ति की बरामदगी और ऐसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए कार्रवाई लगातार जारी है।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।