मदिरा खरीदने से पहले स्वास्थ्य परीक्षण की खबर भ्रामक, प्रशासन ने किया खंडन
खबरें सामने आने के बाद प्रशासन ने खींचे हाथ, अब कहा—मदिरा खरीदने के लिए कोई स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य नहीं
सागर। जिले में शराब खरीदने के लिए स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य किए जाने की खबरों के बीच प्रशासन ने अब इसे भ्रामक और तथ्यहीन बताते हुए खंडन जारी किया है। प्रशासन का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे स्वास्थ्य परीक्षण अभियान का मदिरा खरीदने से कोई संबंध नहीं है।
जारी स्पष्टीकरण में कहा गया है कि जिले में स्वास्थ्य विभाग समय-समय पर सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण और जनस्वास्थ्य जागरूकता संबंधी गतिविधियां संचालित करता है। इन गतिविधियों को मदिरा क्रय की प्रक्रिया से जोड़कर प्रस्तुत करना वास्तविक तथ्यों के अनुरूप नहीं है।
प्रशासन के मुताबिक, मदिरा खरीदने से पहले किसी भी व्यक्ति के लिए स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य नहीं किया गया है। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान यदि किसी व्यक्ति में अत्यधिक या आदतन मदिरा सेवन की जानकारी मिलती है, तो उसका चिकित्सकीय परीक्षण कर आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया जाता है।
प्रशासन ने इसे शासन के नशामुक्ति अभियान और जनजागरूकता कार्यक्रम का हिस्सा बताया है। लोगों को शराब के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
हालांकि, स्वास्थ्य परीक्षण अभियान को लेकर पहले सामने आई खबरों और अब जारी प्रशासनिक स्पष्टीकरण के बाद यह मुद्दा चर्चा में है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि तथ्यों की पुष्टि किए बिना भ्रामक जानकारी प्रसारित न करें।
अब सवाल यह है कि जब अभियान केवल स्वास्थ्य परीक्षण और नशामुक्ति जागरूकता का था, तो इसे लेकर मदिरा खरीदने से संबंधित चर्चा कैसे शुरू हुई?


