स्टेट बैंक ने पुलिस कर्मियों के परिवार को बीमा चैक प्रदान किए
सागर। भारतीय स्टेट बैंक के द्वारा पुलिस विभाग के कर्मचारियों एवं अधिकारियों हेतु विशेष पुलिस सैलरी पैकेज के माध्यम से मुफ्त जीवन बीमा की सुविधा दी जा रही है। कुछ समय पूर्व 10वीं बटालियन मकरोनिया के 4 साथियों का विभिन्न बीमारियों के कारण दुखद निधन हो गया था। भारतीय स्टेट बैंक मकरोनिया, सिविल लाइन एवं यूनिवर्सिटी शाखा और पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से त्वरित कार्यवाही कर इन्हें बीमा का लाभ दिलाया गया। इसी तारतम्य में आज पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के द्वारा स्टेट बैंक के अधिकारियों की उपस्थिति में इन स्वर्गीय कर्मचारियों के परिजनों को सांकेतिक चेक प्रदान किए गए। इस योजना के अंतर्गत श्रीमती काजल गौतम पत्नी स्वर्गीय प्रहलाद गौतम (आरक्षक), श्रीमती रुक्मणी पत्नी स्वर्गीय श्रीनिवास सिंह (उप निरीक्षक), श्रीमती मुन्नी बाई पत्नी स्वर्गीय मनसुखलाल (प्रधान आरक्षक) एवं श्रीमती विमला देवी पत्नी स्वर्गीय करण बहादुर (प्रधान आरक्षक) को भारतीय स्टेट बैंक के द्वारा 10-10 लाख रुपए प्रदान किए गए हैं।
इस अवसर पर स्टेट बैंक से आशु साहू, मुख्य प्रबंधक सिविल लाइंस शाखा, अजय तिवारी, शाखा प्रबंधक मकरोनिया शाखा, पंकज श्रीवास्तव, शाखा प्रबंधक यूनिवर्सिटी शाखा एवं पुलिस विभाग से सूरजमल राजौरिया, उप सेनानी, संतोष कुमार, कार्यवाहक उप निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


