मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में सरपंच प्रतिनिधि से मारपीट का मामला, लोधी समाज ने एसपी कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

By: गजेंद्र ठाकुर
सागर में सरपंच प्रतिनिधि से मारपीट का मामला, लोधी समाज ने एसपी कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
Sponsor Ad

बरा पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह लोधी के साथ मारपीट का आरोप, बचाव करने वाले चार युवकों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग

सागर। बंडा विकासखंड की बरा ग्राम पंचायत के सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह लोधी के साथ रविवार को हुई मारपीट के मामले में गुरुवार को लोधी समाज सहित अन्य समाजों के लोग एसपी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि बरा सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह लोधी के साथ बिजली कंपनी के कर्मचारियों ने मारपीट की। इस दौरान गांव के कुछ युवकों ने बीच-बचाव करते हुए उन्हें बचाया। समाजजनों का कहना है कि इसके बावजूद बिजली कंपनी के कर्मचारी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने सरपंच प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह लोधी और उन्हें बचाने पहुंचे चार युवकों के खिलाफ ही एफआईआर दर्ज कर दी।

ज्ञापन सौंपने पहुंचे लोगों ने एफआईआर को गलत बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही मारपीट के दौरान सरपंच प्रतिनिधि का बचाव करने वाले युवकों के खिलाफ दर्ज प्रकरण वापस लेने और मारपीट के आरोपित बिजली कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग रखी।

जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मोहासा ने कहा कि लक्ष्मण सिंह के साथ मारपीट की गई थी। विवाद के दौरान बीच-बचाव करने वाले लोकेंद्र सिंह, संदीप मिश्रा और कैलाश सिंह के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कर दी गई, जिसे उन्होंने गलत बताया। उन्होंने कहा कि युवकों पर दर्ज एफआईआर वापस ली जानी चाहिए और मारपीट करने वाले बिजली कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

एसपी अनुराग सुजानिया ने ज्ञापन लेने के बाद मामले की जांच कराने और जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस दौरान पूर्व विधायक तरवर सिंह लोधी सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।