मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में सड़क के गड्ढों में उतरे कांग्रेस नेता, पानी में तैरकर किया अनोखा प्रदर्शन

By: गजेंद्र ठाकुर
सागर में सड़क के गड्ढों में उतरे कांग्रेस नेता, पानी में तैरकर किया अनोखा प्रदर्शन
Sponsor Ad

बीना-आगासौद-मुंगावली मार्ग की बदहाली से नाराजगी, भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क टूटने का आरोप; तहसीलदार के आश्वासन के बाद खत्म हुआ आंदोलन

बीना। बीना-आगासौद-मुंगावली सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर पूर्व जनपद अध्यक्ष और कांग्रेस नेता इंदर सिंह ठाकुर ने समर्थकों के साथ अनोखे अंदाज में विरोध जताया। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भरा हुआ था। इंदर सिंह ठाकुर अपने समर्थकों के साथ इन्हीं गड्ढों में उतर गए और पानी में बैठकर तैरते हुए शासन-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

ग्रामीणों के मुताबिक, बीना-आगासौद-मुंगावली मार्ग से रिफाइनरी और जेपी पावर प्लांट से संबंधित पेट्रोल-डीजल टैंकर, गैस टैंकर और फ्लाई ऐश से भरे भारी डंपर लगातार गुजरते हैं। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के चलते सड़क की हालत खराब हो गई है। बारिश होने पर सड़क के गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे उनकी वास्तविक गहराई दिखाई नहीं देती। ऐसे में वाहन चालकों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

पानी भरे गड्ढों में बैठकर जताया विरोध

सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर पूर्व जनपद अध्यक्ष इंदर सिंह ठाकुर के साथ एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश सचिव नरेंद्र सिंह ठाकुर भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। दोनों ने सड़क पर भरे पानी के बीच बैठकर और तैरकर प्रशासन का ध्यान सड़क की स्थिति की ओर आकर्षित किया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सड़क की जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। उन्होंने सड़क की बदहाली से ग्रामीणों और वाहन चालकों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

तहसीलदार के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त

प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद तहसीलदार अंबरपंथी ने अस्वस्थ होने के कारण फोन पर प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को तत्काल पत्राचार कर सड़क की समस्या पर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन समाप्त कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान सेवादल अध्यक्ष प्रमोद राय, अमित ठाकुर, भूपेंद्र गोंदना, रितिक सिंह, रामबाबू ठाकुर, विजय सिंह, कल्याण सिंह, शुभम ठाकुर और शिवकुमार चढ़ार समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।