मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में पीली कोठी दरगाह की नई कमेटी को मिला चार्ज, प्रशासनिक टीम ने कराई सुपुर्दगी

By: गजेंद्र ठाकुर•
सागर में पीली कोठी दरगाह की नई कमेटी को मिला चार्ज, प्रशासनिक टीम ने कराई सुपुर्दगी
Sponsor Ad

एसडीएम कोर्ट के आदेश पर पीली कोठी दरगाह की नई कमेटी को मिला चार्ज, प्रशासनिक टीम ने कराई सुपुर्दगी

नई प्रबंध कमेटी ने दरगाह पर चादर चढ़ाकर मांगी अमन-चैन और खुशहाली की दुआ, वक्फ संपत्ति के पारदर्शी प्रबंधन का लिया संकल्प

सागर। पीली कोठी दरगाह शरीफ की प्रबंध व्यवस्था को लेकर चल रहे मामले में अब नई प्रबंध कमेटी को विधिवत चार्ज सौंप दिया गया है। मध्यप्रदेश वक्फ बोर्ड द्वारा साकिब राईन की अध्यक्षता में गठित नई कमेटी को न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सागर के आदेश के पालन में प्रशासनिक टीम ने चार्ज दिलाया।

न्यायालय ने तहसीलदार सागर को राजस्व एवं पुलिस विभाग की टीम गठित कर नई प्रबंध कमेटी को चार्ज दिलाने के निर्देश दिए थे। इसके परिपालन में नायब तहसीलदार राजेश कोष्ठी एवं प्रशासनिक टीम ने आवश्यक कार्रवाई पूरी कर कमेटी को दरगाह प्रबंधन का विधिवत चार्ज सौंपा।

शुक्रवार को चार्ज मिलने के बाद नई प्रबंध कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पीली कोठी दरगाह शरीफ पर चादर पेश की। इस दौरान अमन-चैन, सुख-शांति, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए दुआ मांगी गई।

नई कमेटी ने वक्फ संपत्ति की सुरक्षा, पारदर्शी प्रबंधन और वक्फ की आय का निर्धारित उद्देश्यों के अनुरूप उपयोग सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। कमेटी के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दरगाह पर किसी प्रकार का बलपूर्वक या अनधिकृत कब्जा नहीं किया गया है, बल्कि सक्षम प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में न्यायालयीन आदेश के पालन के तहत विधिवत प्रक्रिया से चार्ज प्राप्त किया गया है।

कमेटी ने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की है कि इस मामले से संबंधित समाचार प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले न्यायालयीन आदेश एवं प्रशासनिक दस्तावेजों का अवलोकन करें, ताकि सही तथ्यों को ही स्थान मिल सके। साथ ही अपुष्ट जानकारी, भ्रामक प्रचार और व्यक्तिगत आरोपों से बचने की अपील करते हुए दरगाह एवं वक्फ संपत्ति की प्रतिष्ठा और गरिमा बनाए रखने को सभी की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।

इस अवसर पर अध्यक्ष साकिब राईन, उपाध्यक्ष शाहनवाज कुरैशी, सचिव मोहम्मद जुबेर, कोषाध्यक्ष फुरकान अहमद, सहसचिव मोहम्मद आरिफ राईन सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य तथा राजस्व और पुलिस विभाग की टीम मौजूद रही।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।