मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में फ्रिज के कंप्रेसर में धमाके के बाद मकान में लगी आग, गृहस्थी का सामान और गहने जले

By: गजेंद्र ठाकुर•
सागर में फ्रिज के कंप्रेसर में धमाके के बाद मकान में लगी आग, गृहस्थी का सामान और गहने जले
Sponsor Ad

मकरोनिया में रचना मेडिकल के पास हुई घटना, रसोई में काम कर रही पत्नी ने धमाके की आवाज सुनकर घर से बाहर भागकर बचाई जान; पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी

सागर। मकरोनिया क्षेत्र में रचना मेडिकल के पास स्थित एक मकान में फ्रिज के कंप्रेसर में ब्लास्ट होने के बाद आग लग गई। देखते ही देखते आग ने घर में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गृहस्थी का सामान और कुछ गहने जलकर खराब हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

रसोई में काम कर रही थीं पत्नी, अचानक सुनाई दिया तेज धमाका

मकान मालिक विपुल मिश्रा ने बताया कि घटना के समय उनकी पत्नी रसोई में खाना बनाने का काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक फ्रिज से धमाके की आवाज आई। आवाज सुनते ही वह घबरा गईं और तुरंत घर से बाहर निकल गईं।

कुछ देर बाद परिवार के अन्य सदस्य अंदर पहुंचे तो फ्रिज में आग लगी हुई थी। उसमें लगातार छोटे-छोटे धमाके हो रहे थे, जिससे आग तेजी से फैलने लगी। स्थिति को देखते हुए मोहल्ले के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश शुरू की और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

सूचना मिलने पर दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, तब तक घर में रखा कुछ सामान आग की चपेट में आ चुका था।

नुकसान का पंचनामा तैयार कर रही पुलिस

विपुल मिश्रा के अनुसार, आगजनी में घर का घरेलू सामान और कुछ गहने जल गए। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग फ्रिज के कंप्रेसर में ब्लास्ट होने से ही लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस नुकसान का पंचनामा भी तैयार कर रही है।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।