मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में NSUI का प्रदर्शन: कलेक्टर कार्यालय घेरने निकले छात्र, बैरिकेड्स पर चढ़े तो पुलिस ने चलाया वाटर कैनन

रिपोर्ट: गजेंद्र ठाकुर
शेयर करें:WhatsAppFacebookX (Twitter)
सागर में NSUI का प्रदर्शन: कलेक्टर कार्यालय घेरने निकले छात्र, बैरिकेड्स पर चढ़े तो पुलिस ने चलाया वाटर कैनन
Sponsor Ad

कालीचरण चौराहे पर पुलिस ने रोका रास्ता, बैरिकेड्स गिराकर आगे बढ़ने की कोशिश; छात्र नेताओं और पुलिस के बीच हुई नोकझोंक

सागर। छात्र हितों से जुड़े मुद्दों और प्रत्यक्ष प्रणाली के जरिए छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर मंगलवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने सागर में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता सिविल लाइन की ओर से कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने के लिए आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान कालीचरण चौराहे पर पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर उनका रास्ता रोक दिया।

पुलिस की ओर से रोके जाने के बाद कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेड्स पर चढ़ गए और उन्हें हटाकर आगे जाने का प्रयास करने लगे। हालात को देखते हुए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी पीछे हटे। इस दौरान छात्र नेताओं, कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई।

छात्र चुनाव कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन

प्रदर्शन कर रहे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का कहना था कि छात्र-छात्राओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और उनकी मांगों को लेकर वे कलेक्टर कार्यालय का घेराव करने जा रहे थे। संगठन लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग उठा रहा है।

एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने कहा कि एनएसयूआई सहित छात्र संगठन कई वर्षों से प्रत्यक्ष प्रणाली के तहत छात्र चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि सरकार उनकी इस मांग को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रही है।

सितंबर के पहले सप्ताह में चुनाव कराने की मांग

आशुतोष चौकसे ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव के मुद्दे को लेकर एनएसयूआई उच्च न्यायालय का भी रुख कर चुकी है। उनके अनुसार, न्यायालय ने शासन से सितंबर के पहले सप्ताह में चुनाव कराने को कहा है।

चौकसे ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार जनजी और विद्यार्थियों से डरी हुई है। उन्होंने आशंका जताई कि सरकार प्रत्यक्ष प्रणाली से छात्र चुनाव कराने के बजाय चुनाव को टाल सकती है और यदि चुनाव कराए भी गए तो उन्हें अप्रत्यक्ष प्रणाली के माध्यम से कराया जा सकता है।

एनएसयूआई ने छात्र हितों से जुड़े मुद्दों के साथ प्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव कराने और सितंबर में चुनाव प्रक्रिया शुरू करने की मांग दोहराई है।

गजेंद्र ठाकुर
लेखक

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।