मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में नकली शराब के नेटवर्क का भंडाफोड़, 16 गिरफ्तार; ‘सागर गोल्ड’ के नाम पर तैयार हो रही थी शराब

By: गजेंद्र ठाकुर
सागर में नकली शराब के नेटवर्क का भंडाफोड़, 16 गिरफ्तार; ‘सागर गोल्ड’ के नाम पर तैयार हो रही थी शराब
Sponsor Ad

बंडा और विनायका थाना क्षेत्रों में 16 आरोपी गिरफ्तार, नकली ‘सागर गोल्ड’ शराब तैयार करने में इस्तेमाल सामग्री और बड़ी मात्रा में शराब जब्त

सागर। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बंडा और विनायका थाना क्षेत्रों में दर्ज दो अलग-अलग मामलों में कुल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में अवैध शराब तैयार करने, उसकी पैकिंग करने और आसपास के गांवों में सेल्समैन के माध्यम से सप्लाई करने की पूरी कार्यप्रणाली सामने आने का दावा किया गया है।

पुलिस के अनुसार, बरेठी मदिरा दुकान के लाइसेंसी ठेकेदार मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर निवासी बंडा के संपर्क में रहने वाले आरोपियों की भूमिका भी जांच में सामने आई है। अवैध शराब निर्माण के मुख्य आरोपी बताए जा रहे करणी सेना के संभागीय अध्यक्ष चन्द्रभान उर्फ चंदू पिता द्वारका सिंह राजपूत निवासी ग्राम ततखारा थाना बंडा के बाड़े तथा एक आरोपी के मक्का के खेत से शराब और उसे तैयार करने में उपयोग होने वाली सामग्री बरामद की गई।

पुलिस ने मौके से 164 सागर गोल्ड कंपनी एवं प्लेन मदिरा के खाली क्वार्टर, करीब 27 लीटर अमानक शराब, लगभग 170 क्वार्टर ढक्कन, 150 लेवल, शराब मापने का उपकरण, फेवीकोल, टेप, ब्लेड, शराब भरने के लिए छोटी-बड़ी दो चुग्गियां और 11 कार्टून के गत्ते सहित अन्य सामग्री जब्त की है।

शराब पीने से मौतों की सूचना के बाद शुरू हुई जांच

पुलिस को 6 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि थाना बंडा क्षेत्र के कुछ गांवों में शराब के सेवन के बाद लोगों की मौत हुई है। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रभावित गांवों में जाकर घटना से जुड़े लोगों, इलाजरत घायलों तथा स्थानीय निवासियों से पूछताछ की गई।

जांच के दौरान पुलिस को अवैध शराब के निर्माण और उसकी सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पूछताछ और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारियां कीं।

ऐसे तैयार की जा रही थी नकली शराब

पुलिस के मुताबिक, चन्द्रभान राजपूत उर्फ चंदू राजपूत निवासी ततरवारा-छापरी, शिवान्जय राजपूत का रिश्तेदार है। शिवान्जय राजपूत के संपर्क में बरेठी मदिरा दुकान के लाइसेंसी मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर के होने की जानकारी पुलिस को मिली।

पुलिस का कहना है कि मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर, अंतरराज्यीय शराब तस्कर रवि लखेरा पिता सुरेश लखेरा, उम्र 45 वर्ष, हाल निवासी गंगापुरम कॉलोनी थाना कोतवाली जिला ललितपुर और मूल निवासी ग्राम महेवा थाना ओरछा रोड जिला छतरपुर के संपर्क में था। इसी संपर्क के जरिए शराब तैयार करने का तरीका सीखा गया।

पुलिस के अनुसार, जन्माष्टमी से दो दिन पहले ततखारा निवासी चंदू राजा के मक्का के खेत में मनीष लोधी और रवि लखेरा की ओर से उपलब्ध कराई गई प्रिंट, बारदाना, रेपर सहित अन्य सामग्री पहुंचाई गई थी। इसके बाद चंदू राजपूत, शिवान्जय और मनीष लोधी ने कथित तौर पर ‘सागर गोल्ड’ के नाम से करीब 50 पेटी नकली शराब तैयार की।

तैयार की गई शराब को शिवान्जय राजपूत, मनीष लोधी और चंदू राजपूत द्वारा ग्राम नौराज, गूगरा, पाटन, छापरी और आसपास के अन्य गांवों में सेल्समैन के जरिए पहुंचाने की बात पुलिस जांच में सामने आई है।

पुलिस कार्रवाई की भनक लगने के बाद चंदू राजा और उसके परिजनों द्वारा अवैध शराब तथा शराब निर्माण में इस्तेमाल सामग्री को जलाकर नष्ट करने का भी पुलिस ने दावा किया है।

दोनों मामलों में इतनी शराब हुई जब्त

थाना बंडा के अपराध क्रमांक 658/26 में पुलिस ने कुल 62.4 लीटर शराब जब्त की है। इसमें आरोपी जुझार सिंह लोधी निवासी नौराज थाना बंडा के कब्जे से 43.2 लीटर शराब बरामद की गई।

वहीं, थाना विनायका के अपराध क्रमांक 98/26 में कुल 189.72 लीटर शराब जब्त की गई। इसमें मुख्य आरोपी चंदू उर्फ चन्द्रभान सिंह राजपूत निवासी ततरवारा थाना बंडा से 147.6 लीटर शराब बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

बंडा थाने के मामले में गिरफ्तार आरोपी

अपराध क्रमांक 658/26 में पुलिस ने निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है—

  1. मनोहर पिता गुलझार लोधी, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम नौराज, चौकी गूगरा, थाना बंडा, जिला सागर।

  2. दिनेश पिता गुलाबसिंह लोधी, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम नौराज, चौकी गूगरा, थाना बंडा।

  3. जुझार पिता बिजेन्द्र सिंह लोधी, उम्र 43 वर्ष, निवासी नौराज, चौकी गूगरा, थाना बंडा।

  4. राजा पिता आधार सिंह लोधी, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम गूगरा, चौकी गूगरा, थाना बंडा।

  5. अनिकेत पिता जाहरसिंह गंधर्व, उम्र 27 वर्ष, निवासी गंभीरिया, थाना मकरोनिया।

  6. रविन्द्र पिता पहाड़ सिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम बसगोई, थाना कोतवाली, जिला टीकमगढ़।

  7. आकाश पिता चन्द्रभान राय, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम सौरई, थाना मड़ावरा, जिला ललितपुर, उत्तर प्रदेश।

  8. गोविन्द्र पिता गुलझार लोधी, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम नौराज, थाना बंडा।

विनायका थाने के मामले में 8 आरोपी गिरफ्तार

अपराध क्रमांक 98/26 में गिरफ्तार आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं—

  1. अरविन्द्र पिता आशाराम यादव, उम्र 44 वर्ष, निवासी ग्राम पाटन, थाना विनायका।

  2. भगवान सिंह पिता देवीसिंह लोधी, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम पाटन, थाना विनायका।

  3. मानसिंह पिता बिहारी अहिरवार, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम पाटन, थाना विनायका।

  4. चन्द्रभान उर्फ चंदू पिता द्वारका सिंह राजपूत, उम्र 42 वर्ष, निवासी ग्राम ततरवारा, थाना बंडा।

  5. धर्मेन्द्र पिता भुजबल राजपूत, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम ततखारा, चौकी गूगरा, थाना बंडा।

  6. सोहन पिता उमराव राजपूत, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम ततस्वारा, चौकी गूगरा, थाना बंडा।

  7. रोहित पिता उत्तम शिवहरे, उम्र 24 वर्ष, निवासी महाराजा कॉलेज के सामने, छतरपुर, थाना कोतवाली, जिला छतरपुर।

  8. राघवेन्द्र पिता सोहन राजपूत, उम्र 30 वर्ष, निवासी ततखारा।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया

पुलिस के अनुसार, पप्पू लोधी निवासी मेहरूनी, ललितपुर के खिलाफ थाना बेहरोल में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत पहले से मामला दर्ज है और वह जेल में है।

वहीं, रवि लखेरा को पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्कर बताया है। उसके खिलाफ करीब 25 अपराध दर्ज होने की जानकारी दी गई है। वर्ष 2025 में थाना बहेरिया, जिला सागर में भी उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

चंदू राजा निवासी ततखारा के खिलाफ कुल 5 अपराध दर्ज बताए गए हैं। वहीं, बरेठी मदिरा दुकान के लाइसेंसी मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर के खिलाफ भी कई अपराध पंजीबद्ध हैं, जिनमें 6 मामले शराब तस्करी से जुड़े बताए गए हैं।

तीन आरोपी अभी फरार, गिरफ्तारी पर इनाम घोषित

पुलिस के अनुसार, मामले में अभी तीन आरोपी फरार हैं—

  1. संदीप लोधी उर्फ यशवंत सिंह ठाकुर, पिता कोमल प्रसाद लोधी, निवासी बंडा।

  2. रवि लखेरा, पिता सुरेश लखेरा, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम महेवा, थाना ओरछा रोड, जिला छतरपुर।

  3. शिवान्जय ठाकुर, निवासी छापरी, थाना बंडा, जिला सागर।

इनमें बरेठी मदिरा दुकान के लाइसेंसी मनीष लोधी उर्फ यशवंत लोधी निवासी बंडा और रवि लखेरा पिता सुरेश लखेरा, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम महेवा, जिला छतरपुर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान सामने आने वाले अन्य आरोपियों और उनकी संभावित संलिप्तता के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।