मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सघन जांच, क्राउन पैलेस समेत अनेक पर छापे

By: गजेंद्र ठाकुर
सागर में मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सघन जांच, क्राउन पैलेस समेत अनेक पर छापे
Sponsor Ad

सागर में मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सघन जाँच अभियान जारी..

सागर। जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शाहगढ़ तहसील क्षेत्र के हीरापुर, शाहगढ़ और दलपतपुर सहित अन्य स्थानों पर औचक निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जब्त किए। कार्रवाई के दौरान बाजार में कई दुकानदारों द्वारा दुकानें बंद किए जाने की बात भी सामने आई।

हीरापुर बस स्टैंड स्थित दीपक असाटी के प्रतिष्ठान से नमकीन के नमूने लिए गए। इसके बाद शाहगढ़ के अभय किराना का निरीक्षण कर लोकल ब्रांड के टोस्ट के नमूने जांच के लिए लिए गए। जांच दल की कार्रवाई की जानकारी फैलते ही बाजार में हलचल मच गई और कई दुकानदार दुकानें बंद करते नजर आए।

दलपतपुर में सुरेंद्र जैन के प्रतिष्ठान का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया। यहां से रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना संग्रहित किया गया।

मकरोनिया स्थित क्राउन पैलेस में भी औचक जांच

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने देर शाम ‘द क्राउन पैलेस’ के किचन और भंडारण क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न मसालों के नमूने जांच के लिए लिए गए। मौके पर कुछ आवश्यक अभिलेख उपलब्ध नहीं होने पर रिसॉर्ट प्रबंधन को कार्यालय में संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

एक साल का खरीदी-बिक्री रिकॉर्ड तलब

जांच दल ने संबंधित व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों को पिछले एक वर्ष के क्रय-विक्रय का संपूर्ण रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की खरीदी और बिक्री से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा है।

सभी नमूने परीक्षण के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक या मिलावटी पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार जिले में मिलावट के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।