मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में खूनी संघर्ष: अवैध शराब की मुखबिरी के शक में महिला पर तलवारों से हमला, सीसीटीवी में कैद हुई रूह कंपाने वाली वारदात

By: गजेंद्र ठाकुर•
सागर में खूनी संघर्ष: अवैध शराब की मुखबिरी के शक में महिला पर तलवारों से हमला, सीसीटीवी में कैद हुई रूह कंपाने वाली वारदात
Sponsor Ad

सागर में खूनी संघर्ष: अवैध शराब की मुखबिरी के शक में महिला पर तलवारों से हमला, सीसीटीवी में कैद हुई रूह कंपाने वाली वारदात

राहतगढ़ में सरेराह महिला को तलवारों और फरसे से गोदा, गंभीर हालत में बीएमसी रेफर; दूसरे पक्ष ने भी एसपी ऑफिस पहुंचकर लगाया ’56 गैंग’ से हमला कराने का आरोप

राहतगढ़ (सागर)। मध्यप्रदेश के सागर जिले के राहतगढ़ कस्बे में शनिवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक महिला पर उसके घर के बाहर ही जानलेवा हमला कर दिया गया। मामला वार्ड क्रमांक 8 का है, जहां 9 नवंबर की दोपहर करीब 3 बजे 38 वर्षीय रिंकी कोरी को पुरानी रंजिश के चलते निशाना बनाया गया। हमलावरों ने महिला पर तलवार और फरसे जैसे धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ीं।

अवैध शराब की मुखबिरी बनी हमले की वजह

पीड़िता के पति लीलाधर कोरी ने पुलिस को बताया कि जितेंद्र उर्फ जीतू कोरी, सचिन, सौरभ और रजनीकांत समेत कुछ अन्य लोग अचानक उनके घर पहुंचे और विवाद शुरू कर दिया। आरोपियों को संदेह था कि लीलाधर का परिवार पुलिस को इलाके में बिकने वाली अवैध शराब की जानकारी देता है। इसी ‘मुखबिरी’ के शक में आरोपियों ने रिंकी कोरी पर हमला बोल दिया। घायल महिला को तुरंत राहतगढ़ के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) रेफर कर दिया।

सीसीटीवी में कैद हुई हमलावरों की बेरहमी

घटना का एक मिनट का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो इलाके में फैली दहशत की गवाही दे रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि रिंकी अपने बच्चे की सुरक्षा के लिए भाग रही हैं, तभी हथियारबंद युवक उन्हें घेर लेते हैं। एक युवक ने रिंकी पर तलवार से करीब 4 से 5 बार वार किए। जब महिला जमीन पर गिर गई, तब भी हमलावरों का गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने घर के दरवाजे पर भी हथियार चलाए। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दूसरे पक्ष का पलटवार: ’56 गैंग’ को बुलाकर हमला कराने का दावा

मामले में उस वक्त नया मोड़ आ गया जब आरोपी पक्ष की चांदनी कोरी ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय में आवेदन देकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। चांदनी का आरोप है कि उनके परिवार को लंबे समय से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि 9 नवंबर को सागर शहर से कुख्यात ’56 गैंग’ के गुर्गों को बुलाकर उनके घर पर हमला करवाया गया था। चांदनी के मुताबिक, इस हमले में उनका भाई जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हुआ है और फिलहाल मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती है।

साजिश और रंजिश की जांच में जुटी पुलिस

चांदनी कोरी ने अपने शिकायती पत्र में रामकुमार पप्पू तिवारी समेत विष्णु, प्रभा, राधा और रामलखन कोरी पर हमला कराने का सीधा आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस ने मौके से कुछ गाड़ियां और वीडियो साक्ष्य भी बरामद किए हैं। चांदनी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच की जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो। फिलहाल, राहतगढ़ पुलिस दोनों पक्षों के दावों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।