सागर में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, मावा बर्फी और नमकीन के नमूने लिए
दीपावली पर मिलावट रोकने राहतगढ़ और सागर में जांच अभियान, रिपोर्ट के आधार पर होगी वैधानिक कार्रवाई
सागर, 29 अक्टूबर। दीपावली पर्व पर आम लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने राहतगढ़ और सागर में मिठाई दुकानों व किराना प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कलेक्टर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान मावा (खोवा) की बर्फी, नमकीन और सेलिब्रेशन पैक के नमूने लिए गए हैं।
विभाग के अनुसार, लिए गए नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने और ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मिठाई विक्रेताओं को ताजा और शुद्ध मावा इस्तेमाल करने, मिठाइयों को ढककर रखने तथा पैकबंद खाद्य सामग्री पर निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए हैं। मिठाइयों में केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप अनुमत खाद्य रंगों का उपयोग करने को भी कहा गया है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे दीपावली पर विश्वसनीय दुकानों से ताजा खाद्य सामग्री खरीदें और अत्यधिक रंगीन, संदिग्ध या असामान्य रूप से सस्ती मिठाइयों से सावधानी बरतें। मिलावटी या गुणवत्ताहीन खाद्य सामग्री की बिक्री की जानकारी मिलने पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन या जिला प्रशासन को सूचित करने की अपील की गई है। प्रशासन के अनुसार, शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


