सागर के गोपालगंज में युवक पर जानलेवा हमला, गंभीर घायल बीएमसी में भर्ती
सागर। शहर के गोपालगंज थाना क्षेत्र में युवक के साथ हुई कथित मारपीट का मामला सामने आया है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती है। बताया जा रहा है कि घायल को घटना के बाद एक दिन तक होश नहीं आया, जबकि अगले दिन उसे थोड़ी चेतना आई। घटना में हथियार के इस्तेमाल की आशंका भी जताई जा रही है।
पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार, 23 नवंबर की रात करीब 11:15 बजे नीर किराना के पास शनिचरी क्षेत्र में विवाद के बाद युवक के साथ मारपीट की गई। शिकायतकर्ता आदित्य जोगी ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त के साथ जा रहा था, तभी रास्ते में मोनिश खान, एशान खान, सोहेल सोनू खान और समीर खान मिले।
शिकायत के मुताबिक, गाली-गलौज के बाद आरोपियों ने उसके दोस्त को पकड़कर मारपीट की। बीच-बचाव के दौरान शिकायतकर्ता के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। एफआईआर में मोटरसाइकिल को नुकसान पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने का भी उल्लेख है।
घायल की हालत गंभीर
हमले में घायल युवक को उपचार के लिए बीएमसी में भर्ती कराया गया है। परिजनों और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद वह एक दिन तक होश में नहीं आया और अगले दिन उसे कुछ समय के लिए चेतना आई। मारपीट में किसी हथियार या धारदार वस्तु के इस्तेमाल की आशंका भी सामने आई है। इसकी पुष्टि पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट से होना बाकी है।
आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड पर सवाल
मामले में नामजद आरोपी सोहिल उर्फ सोनू खान व अन्य को लेकर जानकारी सामने आई है कि उसके विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई का प्रस्ताव कलेक्टर के समक्ष लंबित है। यह सवाल भी महत्वपूर्ण हो जाता है कि प्रस्ताव लंबित रहने के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर निगरानी किस स्तर पर की जा रही थी।
गोलगंज थाना पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 574/26 दर्ज किया है। एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ की जा रही हैं


