सागर में गैस एजेंसी का गोदाम सील, 13.12 लाख रुपए का माल जब्त
सागर। उपभोक्ताओं की शिकायतों के आधार पर राजस्व और खाद्य आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार को बाघराज वार्ड स्थित सागर गैस एजेंसी के गोदाम पर छापामार कार्रवाई की। टीम ने गोदाम को सील करते हुए कुल 577 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। जब्त माल की कीमत करीब 13.12 लाख रुपए बताई गई है।
कार्रवाई नायब तहसीलदार राहुल गौड़ और प्रभारी सहायक आपूर्ति अधिकारी अभिषेक मौर्य के नेतृत्व में की गई। जब्त सिलेंडरों में 5, 10, 14 और 19 किलोग्राम के सिलेंडर शामिल हैं। इनमें घरेलू के साथ व्यावसायिक गैस सिलेंडर भी हैं।
अधिकारियों के अनुसार, गैस एजेंसी के दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


