सागर में दो मंजिला मकान की दूसरी मंजिल पर लगी आग, डेढ़ घंटे तक जूझती रही दमकल टीम
नीचे सो रहा था परिवार, ऊपर कमरे में धधकती रही आग; कूलर, फ्रिज, टीवी समेत गृहस्थी का सामान जलकर खाक
सागर। शहर के कृष्णगंज वार्ड में बुधवार सुबह एक दो मंजिला मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में अचानक आग लग गई। कमरे से धुआं उठता देखकर आसपास के लोगों ने मकान में मौजूद परिजनों को इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और नगर निगम की फायर टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया।
जानकारी के अनुसार, कृष्णगंज वार्ड निवासी पंकज साहू के मकान की दूसरी मंजिल पर बने एक कमरे में आग लगी थी। इस हिस्से में पंकज के भाई रहते हैं, लेकिन घटना के वक्त वे भोपाल गए हुए थे। वहीं, परिवार के अन्य सदस्य मकान के निचले हिस्से में मौजूद थे।
सुबह पड़ोसियों की नजर कमरे से निकलते धुएं पर पड़ी। उन्होंने तत्काल परिवार के सदस्यों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। नगर निगम के सिविल लाइन और कटरा क्षेत्र में तैनात दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी देर तक चले प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
कूलर, फ्रिज और टीवी सहित सामान खाक
आग बुझने के बाद कमरे के अंदर का सामान जली हुई हालत में मिला। वहां रखा कूलर, फ्रिज, टीवी और घर-गृहस्थी का अन्य सामान आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया। इसके अलावा कमरे की बिजली की वायरिंग भी जल गई। आगजनी के कारण परिवार को काफी नुकसान हुआ है।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, आग कैसे लगी, इसकी वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल घटना में हुए नुकसान का आकलन करने के लिए पंचनामा तैयार किया जा रहा है।


