मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में दिनदहाड़े महिला के सोने के जेवर छीनकर चंपत हो गए दो बदमाश

By: गजेंद्र ठाकुर•
सागर में दिनदहाड़े महिला के सोने के जेवर छीनकर चंपत हो गए दो बदमाश
Sponsor Ad

यूनियन बैंक के पास रोका, धमकाकर करीब 50 ग्राम सोना छीना और चंपत हो गए, शहर में लगातार सामने आ रही ऐसी वारदातों से सुरक्षा पर सवाल

सागर। शहर के व्यस्त कटर बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े दो अज्ञात युवकों द्वारा एक महिला को रोककर उसके पहने हुए सोने के जेवर जबरन छीनकर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद महिला ने कोतवाली थाना पुलिस को आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जेवर वापस दिलाने की मांग की है।

आवेदन के मुताबिक जैन महिला आश्रम, सरस्वती मंदिर, बड़ा बाजार निवासी सपना जैन 27 सितंबर को दोपहर करीब 1 बजे किसी काम से कटर बाजार गई थीं। यूनियन बैंक के पास दो अज्ञात लड़कों ने उन्हें रोक लिया। महिला का आरोप है कि दोनों युवकों ने डराया-धमकाया और उनके पहने हुए सोने के जेवर जबरन छीन लिए। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए।

महिला के अनुसार छीने गए जेवरों में करीब 50 ग्राम वजन की सोने की चूड़ी, एक मंगलसूत्र, एक अंगूठी और दोनों कानों के बाला शामिल हैं।

लगातार सामने आ रही ऐसी वारदातें, पुलिस कार्रवाई पर सवाल

शहर के बाजार क्षेत्रों में महिलाओं के जेवर छीनने अथवा चोरी होने की घटनाएं लगातार सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बीते दिनों विजय टॉकीज मार्केट क्षेत्र में भी इसी तरह की घटना सामने आई थी। इससे पहले भी शहर के अलग-अलग व्यस्त बाजारों में महिलाओं को निशाना बनाए जाने की घटनाएं सामने आती रही हैं।

पीड़ित पक्षों का आरोप है कि कई मामलों में पुलिस को आवेदन देने के बाद भी तत्काल एफआईआर दर्ज करने के बजाय मामले को टालने या आवेदन लेकर कार्रवाई का भरोसा देने तक सीमित कर दिया जाता है। हालांकि इस मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।

पीड़िता ने पुलिस से यूनियन बैंक और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने तथा छीने गए जेवर बरामद कराने की मांग की है। अब देखना यह है कि पुलिस इस मामले में आरोपियों तक कब पहुंचती है और शहर में लगातार सामने आ रही ऐसी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए क्या कार्रवाई करती है।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।