मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर, बजरंग दल अध्यक्ष और कांग्रेस नेता की मौत

By: गजेंद्र ठाकुर•
सागर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर, बजरंग दल अध्यक्ष और कांग्रेस नेता की मौत
Sponsor Ad

सागर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर, बजरंग दल अध्यक्ष और कांग्रेस नेता की मौत

बीला नदी पुल के पास देर रात हुआ हादसा, बोलेरो चालक गंभीर रूप से घायल; जिला अस्पताल में चल रहा इलाज

सागर जिले के शाहगढ़ थाना क्षेत्र में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। टीकमगढ़ रोड पर सिमरिया के आगे बीला नदी के पुल के पास ट्रक और बोलेरो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में छतरपुर जिले के राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष प्रमोद सिंह लोधी (26) और कांग्रेस नेता उत्तम यादव (35) की मौत हो गई। वहीं, बोलेरो चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए सागर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, दुर्घटना शाहगढ़ थाना क्षेत्र में रात करीब दो बजे हुई। बोलेरो और ट्रक के बीच हुई सीधी भिड़ंत में वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो की तस्वीरों से लगाया जा सकता है।

मृतकों की पहचान छतरपुर जिले के भगवा क्षेत्र के हरिनगर निवासी प्रमोद सिंह लोधी और बदेलन खेरा निवासी उत्तम यादव के रूप में हुई है। प्रमोद सिंह लोधी राष्ट्रीय बजरंग दल में छतरपुर जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, जबकि उत्तम यादव कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए थे।

घटना की सूचना मिलते ही शाहगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दो युवाओं की असमय मौत की खबर से उनके क्षेत्र में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि दोनों सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहते थे तथा जमीनी स्तर पर लोगों के बीच काम करते थे। अचानक हुए इस हादसे ने उनके परिचितों और क्षेत्रवासियों को झकझोर दिया है।

फिलहाल दुर्घटना की असल वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। शाहगढ़ थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।