सागर में भरभराकर गिरा मकान, प्रशासन की कार्रवाई पर उठे सवाल
सागर। शहर के विजय टॉकीज के पास शुक्रवार को एक जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी बड़े जनहानि की सूचना नहीं है। घटना ने शहर में लंबे समय से जर्जर भवनों को लेकर चल रही प्रशासनिक कवायद और दावों की पोल खोलकर रख दी है।

प्रशासन द्वारा पूर्व में शहर के जर्जर और खतरनाक भवनों को चिन्हित कर उन्हें डिस्मेंटल कराने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके कई जर्जर भवन आज भी खतरा बने हुए हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आदेश और दावों के बाद भी इन भवनों पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।
हाल ही में मकरोनिया क्षेत्र में भी जर्जर भवन से जुड़ी घटना सामने आ चुकी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं प्रशासन और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं। यदि समय रहते जर्जर भवनों का सर्वे, चिन्हांकन और डिस्मेंटलिंग की कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़े हादसे के बाद जिम्मेदारी तय करने से क्या फायदा होगा?
शहरवासियों का कहना है कि केवल नोटिस जारी करने और कार्रवाई के दावे करने के बजाय प्रशासन को मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच कर खतरनाक भवनों पर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।


