मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में बारिश का दौर जारी, राजघाट बांध 513 मीटर तक भरा

By: गजेंद्र ठाकुर
सागर में बारिश का दौर जारी, राजघाट बांध 513 मीटर तक भरा
Sponsor Ad

48 घंटे से रुक-रुककर हो रही बारिश, शहर में आधा इंच से अधिक पानी गिरा; खुरई, रहली और जैसीनगर में करीब एक इंच बारिश दर्ज

सागर जिले में बीते 48 घंटे से बारिश का सिलसिला रुक-रुककर जारी है। शुक्रवार को दिनभर बारिश होती रही, जबकि रात में कई इलाकों में तेज बारिश हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। सागर शहर में आधा इंच से अधिक पानी गिरा। वहीं खुरई, रहली और जैसीनगर में करीब एक इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। राहतगढ़, केसली, मालथौन, बीना और गढ़ाकोटा में करीब आधा इंच बारिश हुई है।

बारिश के चलते सागर के राजघाट बांध के जलस्तर में भी लगातार बढ़ोतरी हुई है। बांध का जलस्तर अब 513 मीटर तक पहुंच गया है। पूरी क्षमता तक भरने के लिए अभी करीब 2 मीटर पानी की जरूरत है। शनिवार सुबह भी आसमान में बादल छाए हुए हैं और जिले में कई जगह रिमझिम बारिश का दौर जारी है।

अगले 24 घंटे भी बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे तक जिले में मौसम बदला हुआ रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि अन्य क्षेत्रों में बौछारें पड़ सकती हैं। बारिश का सिलसिला आगे भी जारी रहा तो राजघाट बांध के जलस्तर में और इजाफा होने की संभावना है।

मानसून सीजन की 63.56% बारिश पूरी

सागर जिले में इस मानसून सीजन में अब तक औसतन 782.2 मिमी यानी 30.8 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। पिछले साल 5 सितंबर तक जिले में औसतन 1058.3 मिमी यानी 41.7 इंच बारिश हुई थी। इस आंकड़े की तुलना में इस वर्ष अब तक 26.09% कम बारिश दर्ज हुई है।

जिले में सामान्य औसत बारिश 1230.5 मिमी यानी 48.4 इंच मानी जाती है। इसके मुकाबले अब तक 63.56% बारिश हो चुकी है। सामान्य औसत बारिश का आंकड़ा पूरा करने के लिए मानसून के बचे हुए दिनों में अभी करीब 17.6 इंच औसत बारिश की आवश्यकता है।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।