उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने बीएमसी पहुंचकर मरीजों का हाल जाना, मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये की सहायता मंजूर
सागर। जिले के बंडा क्षेत्र में हुई दुखद घटना को लेकर राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने इसे बेहद संवेदनशील और पीड़ादायक घटना बताते हुए कहा कि मामले में किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा। घटना की जांच गंभीरता और बारीकी से की जा रही है। लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई भी की जा चुकी है।
उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा के मुताबिक, मामले में अब तक कुल 30 आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 49-क के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इनमें से 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। दोषी व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि इस तरह की घटनाओं की दोबारा पुनरावृत्ति न हो।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा के बाद राज्य सरकार ने घटना में जान गंवाने वाले लोगों के आश्रित परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।
मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
घटना की निष्पक्ष और विस्तृत पड़ताल के लिए सरकार ने मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की जांच की जा रही है, ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जानकारी सामने आ सके।
बीएमसी पहुंचकर मरीजों से मिले उप मुख्यमंत्री
उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) पहुंचकर उपचार करा रहे मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ उनके उपचार की स्थिति भी जानी।
उन्होंने अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों और जिला प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित मरीजों को नि:शुल्क और बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। इलाज में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए, इस बात का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान सागर सांसद लता वानखेड़े, सागर विधायक शैलेंद्र जैन, नरयावली विधायक श्री प्रदीप लारिया, बंडा विधायक श्री वीरेन्द्र सिंह, श्याम तिवारी, श्रीमती रानी कुशवाहा, डीआईजी श्री एस एस चौहान, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया, नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री, प्रभारी डीन डॉ गंगवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और डॉक्टर मौजूद रहे।


