सागर में आबकारी का बड़ा एक्शन, 10 प्रकरण दर्ज; 6 आरोपियों पर कार्रवाई
राहतगढ़ क्षेत्र में कई गांवों और ढाबों पर एक साथ दबिश, 29.34 बल्क लीटर देशी शराब और 210 किलो महुआ लाहन जब्त, 41 हजार का माल बरामद
सागर। अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राहतगढ़ क्षेत्र में कई स्थानों पर दबिश दी। विशेष अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में कुल 10 प्रकरण दर्ज किए गए। मौके से 29.34 बल्क लीटर देशी शराब और 210 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 41 हजार रुपये बताई गई है।
आबकारी विभाग के अनुसार, मध्यप्रदेश आबकारी आयुक्त के निर्देश पर 31 अक्टूबर को वृत्त आंतरिक क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई की गई। सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडेय के आदेश और मंडल प्रभारी पूजा जे. चंद्रन आचारी के निर्देशन में आबकारी दल ने बेड़ान पथरिया, नयापुरा, चंद्रपुर, शेरपुर, दरकली, सिदगुवां, क्षीरखेड़ा सहित खुरई रोड स्थित ढाबों पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान देशी मदिरा प्लेन और मसाला के साथ महुआ लाहन बरामद हुआ। विभागीय टीम ने लाहन का नमूना लेने के बाद शेष सामग्री को मौके पर नष्ट कर दिया। आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत 10 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं। इनमें छह आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है, जबकि शेष मामलों में विवेचना और संबंधित आरोपियों की तलाश जारी है।
कार्रवाई में वृत्त प्रभारी राजेंद्र बिलवार के साथ वृत्त प्रभारी देवरी मदन यादव तथा आबकारी आरक्षक राजकमल सिंह और अंकिता चौरसिया की भूमिका रही। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।


