मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर में 9 करोड़ की ठगी का सनसनीखेज मामला, रिटायर्ड पुलिसकर्मी का बेटा गिरफ्तार

By: गजेंद्र ठाकुर•
सागर में 9 करोड़ की ठगी का सनसनीखेज मामला, रिटायर्ड पुलिसकर्मी का बेटा गिरफ्तार
Sponsor Ad

सागर में 9 करोड़ की ठगी का सनसनीखेज मामला, रिटायर्ड पुलिसकर्मी का बेटा गिरफ्तार

फॉरेक्स ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का लालच देकर करोड़ों की हेराफेरी का आरोप, 4.53 करोड़ रुपए फ्रीज; सागर के कई युवकों के नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका

सागर। इंदौर में फॉरेन करेंसी ट्रेडिंग के नाम पर करीब 9 करोड़ रुपए की कथित ठगी के मामले ने सागर में भी हलचल मचा दी है। तुकोगंज पुलिस ने इस मामले में सागर के गोपालगंज निवासी आमिर खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पिता और चाचा पुलिस सेवा से रिटायर बताए जा रहे हैं। पुलिस की जांच अब कथित ठगी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

जांच में सामने आया है कि फॉरेक्स ट्रेडिंग के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर निवेशकों से रकम जमा कराई जाती थी। इसके बाद करोड़ों रुपए अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से इधर-उधर किए जाते थे। म्यूल खातों की पड़ताल के दौरान पुलिस को इस नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

9 करोड़ का लेनदेन, 4.53 करोड़ रुपए फ्रीज

पुलिस के मुताबिक, आमिर के नाम से संचालित यूनियन बैंक खाते में करीब 9 करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ। यह खाता फीनिक्स इन्फिनेटिक्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से संचालित था। विभिन्न शहरों से इस खाते में रकम जमा होने की जानकारी सामने आई है।

शिकायतें मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 4 करोड़ 53 लाख रुपए की राशि फ्रीज कराई। आरोपी के खिलाफ महाराष्ट्र में भी तीन शिकायतें दर्ज होने की बात सामने आई है।

सागर के युवकों तक पहुंच सकती है जांच

तुकोगंज पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आमिर ने मयूर शेख निवासी सिकंदराबाद कॉलोनी, खजराना का नाम बताया है। पुलिस का कहना है कि आमिर के नाम पर कंपनी संचालित हो रही थी, जबकि गिरोह का कथित मुख्य आरोपी दिल्ली में रहता है।

इस नेटवर्क में सागर के कुछ अन्य युवकों की भूमिका भी जांच के दायरे में बताई जा रही है। करीबी रिश्तेदारों को नोटिस दिए जाने और जरूरत पड़ने पर थाने में उपस्थित होने के लिए कहे जाने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि, अन्य लोगों की भूमिका और संलिप्तता की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

तीन मोबाइल, एटीएम कार्ड और लैपटॉप जब्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, पांच एटीएम कार्ड, चेकबुक और लैपटॉप सहित अन्य सामग्री जब्त की है। तुकोगंज थाना पुलिस राज्य साइबर सेल और एनसीआरपी पोर्टल से मिले म्यूल खातों के डेटा के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

नवलखा में चल रहा था कार्यालय

जानकारी के अनुसार, कथित गिरोह इंदौर के नवलखा क्षेत्र में कार्यालय संचालित कर रहा था। निवेशकों को ऊंचे रिटर्न का भरोसा दिलाकर रकम जमा कराने और फिर बैंक खातों के जरिए लेनदेन करने का आरोप है। मामले में पहले भी शिकायतें सामने आने की बात कही जा रही है।

फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर ठगी से रहें सावधान

फॉरेक्स ट्रेडिंग विदेशी मुद्राओं की खरीद-बिक्री का बाजार है, जिसमें डॉलर, यूरो और पाउंड जैसी मुद्राओं के मूल्य में उतार-चढ़ाव के आधार पर कारोबार किया जाता है। लेकिन इसी कारोबार के नाम पर अनधिकृत प्लेटफॉर्म और फर्जी निवेश योजनाएं लोगों को ऊंचे मुनाफे का लालच देकर ठगी का शिकार बना सकती हैं।

9 करोड़ रुपए के कथित लेनदेन वाले इस मामले में अब पुलिस की जांच से यह स्पष्ट होगा कि नेटवर्क में कितने लोग शामिल थे और निवेशकों की रकम आखिर किन खातों तक पहुंची।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।