मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर कोतवाली में सात माह बाद दर्ज हुई लूट की रिपोर्ट, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

By: गजेंद्र ठाकुर•
सागर कोतवाली में सात माह बाद दर्ज हुई लूट की रिपोर्ट, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल
Sponsor Ad

सागर कोतवाली में सात माह बाद दर्ज हुई लूट की रिपोर्ट, पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

सागर। कोतवाली थाना क्षेत्र में लूट की एक घटना के करीब सात माह बाद फरियादी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराने का मामला सामने आया है। 22 अप्रैल 2026 को हुई कथित लूट की शिकायत नवंबर में दर्ज होने के बाद अब पूरे घटनाक्रम को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर इतनी बड़ी रकम की लूट के बाद फरियादी ने सात माह तक पुलिस में औपचारिक शिकायत क्यों नहीं की? क्या इस दौरान पुलिस ने अपने स्तर पर कोई कार्रवाई की थी या मामला अब तक लंबित रहा?

पुलिस के अनुसार खुरई निवासी एवं वर्तमान में कैलाश धाम रोड, तिली पर रहने वाले विजेन्द्र सिंह पिता मंशाराम पटेल ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी ने बताया कि वह भारत फाइनेंशियल इन्क्लूजन लिमिटेड की तिली गांव शाखा में फील्ड रिकवरी के पद पर कार्यरत है।

उसके मुताबिक 22 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 9:45 बजे वह दो सेंटरों की मीटिंग के बाद 53,940 रुपए की वसूली कर बैग में रखकर जा रहा था। इसी दौरान चिट्टाघाट-काकागंज के पास एक अज्ञात व्यक्ति उसका बैग छीनकर भाग गया। फरियादी ने बताया कि घटना की जानकारी उसने तत्काल ब्रांच मैनेजर संजय दांगी और अभिनव को दी थी। इसके बाद आसपास तलाश की गई। बाद में कथित आरोपी का नाम प्रेम अहिरवार पता चलने पर वह बुधवार को रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचा।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच में लिया है।

सात माह की देरी, जांच की विश्वसनीयता पर सवाल

लूट जैसे गंभीर अपराध की रिपोर्ट दर्ज कराने में सात माह का लंबा अंतराल कई सवाल खड़े करता है। यदि घटना के तुरंत बाद बैंक प्रबंधन को सूचना दी गई थी, तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराने में इतनी देरी क्यों हुई? क्या कंपनी के स्तर पर कोई आंतरिक जांच हुई? क्या रकम की वसूली और उसके हिसाब-किताब का रिकॉर्ड उपलब्ध है? कथित आरोपी की पहचान किस आधार पर हुई और इस दौरान क्या साक्ष्य जुटाए गए?

एक विधिवेत्ता के अनुसार, इस तरह के मामलों में शिकायत दर्ज होने में लंबा विलंब जांच की प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है। घटनास्थल के साक्ष्य, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य परिस्थितिजन्य प्रमाण जुटाने में कठिनाई आ सकती है। इसका असर आगे विवेचना, चालान और न्यायालयीन ट्रायल पर भी पड़ सकता है।

वहीं, इतनी देरी से दर्ज हुई एफआईआर के पीछे परिस्थितियां स्पष्ट किए बिना पूरे मामले को सामान्य मान लेना भी उचित नहीं होगा। पुलिस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि शिकायत में विलंब का कारण क्या रहा और घटना के बाद से अब तक फरियादी, कंपनी प्रबंधन तथा कथित आरोपी के बीच क्या घटनाक्रम रहा।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।