मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर की डॉ. दीपमाला तिवारी ने रचा इतिहास, माइनिंग इंजीनियरिंग में हासिल की पीएचडी

By: गजेंद्र ठाकुर•
सागर की डॉ. दीपमाला तिवारी ने रचा इतिहास, माइनिंग इंजीनियरिंग में हासिल की पीएचडी
Sponsor Ad

सागर की डॉ. दीपमाला तिवारी ने रचा इतिहास, माइनिंग इंजीनियरिंग में हासिल की पीएचडी

मध्यप्रदेश की पहली महिला खनिज अधिकारी होने का गौरव, प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ शैक्षणिक क्षेत्र में भी बड़ी उपलब्धि

सागर। मध्यप्रदेश खनिज विभाग की संचालक माइनिंग दीपमाला तिवारी ने माइनिंग इंजीनियरिंग जैसे तकनीकी और चुनौतीपूर्ण विषय में पीएचडी की उपाधि हासिल कर एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है। अब वे डॉ. दीपमाला तिवारी के नाम से जानी जाएंगी। उनकी इस उपलब्धि से सागर सहित पूरे बुंदेलखंड में हर्ष का माहौल है।

वर्तमान में भोपाल में संचालक माइनिंग के पद पर पदस्थ डॉ. दीपमाला तिवारी प्रशासनिक जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। माइनिंग इंजीनियरिंग में पीएचडी हासिल करना उनके तकनीकी ज्ञान, परिश्रम और समर्पण को दर्शाता है।

उल्लेखनीय है कि सागर निवासी दीपमाला तिवारी मध्यप्रदेश की पहली महिला खनिज अधिकारी होने का गौरव रखती हैं। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने प्रदेश के प्रमुख खनिज संपदा वाले जिलों सतना, रीवा, सीधी, दमोह, टीकमगढ़ और कटनी में पदस्थ रहकर महत्वपूर्ण सेवाएं दी हैं। अपनी कार्यक्षमता और नेतृत्व क्षमता के चलते उन्होंने विभाग में विशेष पहचान बनाई है।

उनकी इस उपलब्धि पर खनिज विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने बधाई दी है। परिवारजनों और विभागीय सहयोगियों ने उम्मीद जताई कि माइनिंग इंजीनियरिंग में उनका शोध और अनुभव प्रदेश के खनिज प्रशासन को नई दिशा देने में सहायक होगा।

डॉ. दीपमाला तिवारी की सफलता को सागर और बुंदेलखंड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। प्रशासनिक सेवा के साथ उच्च शिक्षा में यह मुकाम हासिल कर उन्होंने महिला अधिकारियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।

उल्लेखनीय है कि डॉ. दीपमाला तिवारी मध्यप्रदेश परियोजना अधिकारी संघ के अध्यक्ष इंद्रभूषण तिवारी की धर्मपत्नी हैं। वे विद्याभूषण तिवारी, डॉ. शरद तिवारी, डॉ. विवेक तिवारी, डॉ. निहारिका तिवारी और एडवोकेट मनीष तिवारी की भाभी हैं।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।