विद्युत तार से चिपकी मिली 55 वर्षीय प्रेमरानी कुर्मी, परिजन और ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टर ने मृत घोषित किया
सागर। देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम सुना निवासी 55 वर्षीय प्रेमरानी कुर्मी की खेत में करंट लगने से मौत हो गई। हादसा गुरुवार सुबह ग्राम बीजागौर स्थित उनके खेत में हुआ, जहां वह मिर्च तोड़ने के लिए गई थीं।
प्रेमरानी के पुत्र कृष्ण कर्मी के अनुसार, उनकी मां सुबह करीब 8 बजे खेत के लिए निकली थीं। करीब 9 बजे कृष्ण जब खेत पर पहुंचे तो उन्होंने अपनी मां को विद्युत तार से चिपकी हुई और बेहोशी की हालत में जमीन पर पड़ा देखा।
कृष्ण ने तत्काल खेत के पड़ोसी भगवान सिंह कुर्मी को आवाज देकर मौके पर बुलाया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग भी वहां पहुंच गए। ग्रामीणों ने विद्युत तार का कनेक्शन हटाया, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण प्रेमरानी को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल देवरी लेकर पहुंचे।
अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टर ने प्रेमरानी को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना देवरी थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके की कार्रवाई पूरी करते हुए पंचनामा बनाया और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।


