मुख्य विषय-वस्तु पर जाएं (Skip to main content)

सागर के सुनील लोधी से मिले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, एक लाख की सम्मान निधि देने का ऐलान

By: गजेंद्र ठाकुर
सागर के सुनील लोधी से मिले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, एक लाख की सम्मान निधि देने का ऐलान
Sponsor Ad

‘हनुमान अंश’ के बुंदेली गीत से देशभर में पहचान बनाने वाले दृष्टिबाधित गायक को संगीत शिक्षा और आंखों के उपचार में भी मदद का भरोसा

सागर। कैंची धाम के संत नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ के बुंदेली गीत से देशभर में पहचान बनाने वाले सागर जिले के युवा गायक सुनील लोधी ने गुरुवार देर शाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। सुनील अपने परिवार के साथ सीएम हाउस पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री ने उनसे मुलाकात कर उनकी गायन प्रतिभा की सराहना की।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समत्व भवन में सुनील लोधी से मुलाकात के दौरान उन्हें आगे बढ़ने के लिए सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग देने की बात कही। देशभर में अपने गीत और भजनों के माध्यम से लोकप्रिय हुए सुनील को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार ने एक लाख रुपए की सम्मान निधि देने का निर्णय लिया है।

संगीत की पढ़ाई में भी मिलेगी सरकारी मदद

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुनील लोधी को बचपन से ही गायन में रुचि रही है। उनकी इस प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए उन्हें संगीत विद्यालय से औपचारिक संगीत पाठ्यक्रम पूरा करने में भी सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराना और उभरते कलाकारों को आगे बढ़ने के अवसर देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने प्रतिभाओं को पहचान देने के लिए टैलेंट सर्च जैसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात भी कही, ताकि प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में छिपी कला और प्रतिभा को सामने लाया जा सके।

आंखों की रोशनी के उपचार में सहयोग का भरोसा

जन्म से दृष्टिबाधित सुनील लोधी की आंखों की रोशनी वापस लाने के लिए आवश्यक उपचार में भी मुख्यमंत्री ने मदद का आश्वासन दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सुनील के साथ पहुंचे उनके माता-पिता का सम्मान भी किया।

तंबूरा बजाकर मुख्यमंत्री को सुनाया ‘हनुमान’ का गीत

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान सुनील लोधी ने तंबूरा बजाते हुए फिल्म ‘हनुमान अंश’ का चर्चित बुंदेली गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ प्रस्तुत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के आग्रह पर उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर गाया जाने वाला भजन ‘जन्म लए रघुराई, ब्रज में बज रही बधाई’ भी सुनाया।

इस अवसर पर सुनील लोधी के पिता महेंद्र सिंह लोधी, माता भाग बाई, संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी, डिजिटल बुंदेली बौछार के सचिन चौधरी और सुनील के मित्र मौजूद रहे।

नीम करोली बाबा की आध्यात्मिक यात्रा पर आधारित है फिल्म

‘हनुमान अंश’ नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर केंद्रित भक्तिपरक फिल्म है। फिल्म में शोहिनव सत्य ने नीम करोली बाबा की भूमिका निभाई है। इसका लेखन और निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

फिल्म के गीत में सुनील लोधी की बुंदेली आवाज ने भी खास पहचान बनाई। उनके गीत के माध्यम से बुंदेली लोकधुन और स्थानीय बोली को बड़े पर्दे तक पहुंचने का अवसर मिला। फिल्म को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला और रिलीज के बाद इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती गई।

गजेंद्र ठाकुर
By:

गजेंद्र ठाकुर

खबर का असर .com (KKA) डिजिटल टीम - निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के साथ खबरों की ग्‍लोबल अपडेट्स।