सागर के सिविल लाइन चौराहे का नाम बदला, अब ‘परशुराम चौराहा’ से होगी पहचान; स्तंभ निर्माण पूरा
सागर। शहर के प्रमुख सिविल लाइन चौराहे को अब परशुराम चौराहे के नाम से जाना जाएगा। ब्राह्मण समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद नगर निगम की मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) में नामकरण के प्रस्ताव पर सर्वसम्मति से सहमति बनी। चौराहे पर भगवान परशुराम स्तंभ का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि इसके चारों ओर फरसा, धनुष और शिलालेख लगाए जाएंगे।

महापौर संगीता सुशील तिवारी ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इसके अलावा अटल पार्क में भगवान परशुराम की 35 फीट ऊंची प्रतिमा का निर्माण भी जारी है।
राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंस्था के प्रदेश अध्यक्ष दिनकर तिवारी के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर को ज्ञापन सौंपकर चौराहे का नाम भगवान परशुराम के नाम पर रखने की मांग की थी। महापौर ने प्रस्ताव एमआईसी में रखा, जहां सहमति बनने के बाद नामकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ी।
महापौर ने कहा कि शहर के अन्य प्रमुख स्थलों को भी उनकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप नाम देने की दिशा में काम किया जा रहा है। चौराहे का नामकरण होने पर ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने महापौर का आभार जताया।


