सागर के निजी अस्पताल के ICU में 16 वर्षीय छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, वार्ड बॉय पर FIR; CCTV फुटेज आया सामने
बरगद हॉस्पिटल में इलाज के दौरान हुई घटना, छात्रा ने फोन नंबर मांगने और गलत तरीके से छूने की शिकायत की; पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी की तलाश जारी
सागर। शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज करा रही 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा ने अस्पताल में तैनात वार्ड बॉय राजा बंसल पर गलत तरीके से छूने और बातचीत करने के बहाने मोबाइल नंबर मांगने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटना से जुड़ा अस्पताल का CCTV फुटेज भी सामने आया है।
फुटेज में जैकेट पहने एक व्यक्ति छात्रा के बिस्तर के पास झुकता और उसके नजदीक खड़ा दिखाई दे रहा है। इस दौरान वह कंबल के ऊपर हाथ रखते हुए नजर आता है। वीडियो में उसका हाथ छात्रा के हाथ और शरीर के ऊपरी हिस्से के आसपास भी दिखाई देता है।
छात्रा का आरोप- नंबर देने से इनकार किया तो दोबारा की हरकत
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 21 नवंबर की सुबह करीब 4:15 बजे वह अस्पताल के ICU में अपने बेड पर सो रही थी। इसी दौरान वार्ड बॉय राजा बंसल वहां पहुंचा। छात्रा के मुताबिक, उसने उसे अनुचित तरीके से छुआ और कहा कि वह उसे अच्छी लगती है तथा उससे बातचीत करना चाहता है। इसके बाद उसने छात्रा से मोबाइल नंबर मांगा।
छात्रा ने जब अपना नंबर देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी ने कथित तौर पर दोबारा उसे गलत तरीके से छुआ। कुछ समय बाद वह वहां से चला गया। घटना के बाद छात्रा घबरा गई और डर के कारण तत्काल किसी को कुछ नहीं बताया।
बाद में जब उसकी बुआ की बेटी अस्पताल पहुंची तो छात्रा ने उसे पूरी घटना बताई। जानकारी मिलने पर परिजनों ने अस्पताल में विरोध जताया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सड़क हादसे में घायल होने के बाद अस्पताल में हुई थी भर्ती
छात्रा ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले वह अपने माता-पिता और भाई के साथ पचमढ़ी से सागर लौट रही थी। रास्ते में बरोदा के पास उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में छात्रा को भी चोटें आई थीं। इसके बाद परिवार के लोग उसे इलाज के लिए बरगद हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने 20 नवंबर को उसे भर्ती किया था।
अस्पताल में विरोध के दौरान शराब से भरी बोलेरो पहुंची, सवार फरार
छात्रा के साथ हुई कथित घटना को लेकर अस्पताल परिसर में परिजनों और अन्य लोगों ने विरोध जताया। इसी बीच शराब की पेटियों से भरी एक बोलेरो अस्पताल परिसर में आ पहुंची। वहां मौजूद लोगों की भीड़ देखकर बोलेरो में सवार लोग वाहन छोड़कर भाग निकले।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बोलेरो की तलाशी ली। पुलिस ने वाहन सहित उसमें रखी शराब जब्त कर ली। इस दौरान सामने आए दोनों मामलों को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल प्रबंधन ने वार्ड बॉय को नौकरी से हटाया
बरगद हॉस्पिटल के डॉ. दीपांशु दुबे ने बताया कि परिजनों से घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी थी। मामले में आरोपित नर्सिंग स्टाफ राजा बंसल को अस्पताल की नौकरी से हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन पीड़ित परिवार को पुलिस कार्रवाई में पूरा सहयोग दे रहा है।
बोलेरो में मिली शराब के संबंध में डॉ. दुबे ने बताया कि यह शराब अस्पताल के एक गार्ड की बताई जा रही है। हालांकि, इस मामले में पुलिस अपने स्तर पर जांच और कार्रवाई कर रही है।
पॉक्सो एक्ट में FIR, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
सिविल लाइन थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि नाबालिग छात्रा की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। घटना सुबह के समय हुई थी और शिकायत सामने आने तक आरोपी वहां से फरार हो चुका था। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
बोलेरो से दो पेटी शराब जब्त, तीन लोगों की तलाश
अस्पताल परिसर में हुए विवाद के दौरान पहुंची बोलेरो की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन की तलाशी ली। जांच के दौरान उसमें से शराब की दो पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने बोलेरो और शराब को जब्त कर लिया है। वाहन में मौजूद तीन लोग मौके से भाग गए थे। पुलिस अब उनकी पहचान और तलाश में जुटी है।


